पांढुरना:परिजनों के साथ मॉ वैष्णो देवी के दर्शनार्थ तीर्थयात्रा पर गए ग्राम बोरगांव निवासी अनूप ठाकरे के सूने घर का ताला तोड़कर सोने चांदी के आभूषण चुराने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर इसके पास से चोरी के आभूषण भी जप्त कर कार्यवाही की ।नगरीय सीमा से लगे ग्राम बोरगांव निवासी अनुप पिता कुंडलिक ठाकरे अपने परिवार के साथ जम्मू-कटरा स्थित वैष्णो देवी दर्शन हेतु गया हुआ था।
तीर्थयात्रा कर यह सभी जब 25 नवंबर को वापस लौटे तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था तथा घर के अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। अज्ञात चोर द्वारा मकान का ताला तोड़कर सोने का मंगलसूत्र, सोने का पेंडल एवं चांदी की पायल चोरी कर ली गई थी।इस चोरी के घटना की अनपु ठाकरे द्वारा पुलिस थाने पहुचकर सूचना देने पर पुलिस द्वारा अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई ।जिला पुलिस अधीक्षक सुश्री विदिता डागर के निर्देश एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित टीम द्वारा तत्परता से कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना का खुलासा किया गया।
विवेचना के दौरान ग्राम बोरगांव निवासी सुजल पिता वामन नागवंशी, उम्र 18 वर्ष, द्वारा चोरी की घटना कारित करना पाया गया। आरोपी सुजल नागवंशी ने चोरी किए गए जेवरात ग्राम बोरगांव निवासी राजा उर्फ गोविंद पिता गुलाब नागरवार, उम्र 32 वर्ष, को सस्ते में विक्रय किए थे।पुलिस द्वारा चोरी करने वाले आरोपी सुजल नागवंशी तथा चोरी के जेवरात खरीदने वाले आरोपी राजा उर्फ गोविंद नागरवार को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से प्रार्थी के घर से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹1,50,000/- है, बरामद किए गए हैं।उक्त चोरी की वारदात का तत्परता से खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी एवं चोरी गए जेवरात की बरामत कर चोरी करने तथा चोरी का सामना खरीदने वाले युवक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की गई ।
