अनूपपुर कोतमा : नेशनल हाईवे-43 पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें सड़क किनारे खड़े राखड़ के कैप्सूल वाहन में पीछे से एक तेज रफ्तार लकड़ी से लदा ट्रक जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और केबिन में फंसे चालक व खलासी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी शाहिद और सुलतान के रूप में हुई है।
केबिन में बुरी तरह फंसे रहे दोनों युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लकड़ी से लदा ट्रक (क्रमांक UP37 BT 6180) उड़ीसा से शहडोल की ओर जा रहा था। देर रात जब ट्रक कोतमा क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-43 से गुजर रहा था, तभी सड़क किनारे खड़े राखड़ के कैप्सूल (क्रमांक MP 18 H 5077) के पिछले हिस्से से उसकी सीधी और जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक का केबिन बुरी तरह पिचक गया और चालक शाहिद तथा खलासी सुलतान अंदर ही दबकर फंस गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
क्रेन की मदद से निकाले गए शव
घटना की सूचना मिलते ही कोतमा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। केबिन क्षतिग्रस्त होने के कारण अंदर फंसे दोनों लोगों को बाहर निकालना बेहद कठिन था। पुलिस ने मौके पर क्रेन बुलवाई और काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त केबिन को खींचकर दोनों के शव बाहर निकाले। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा भिजवाया है।
हाईवे पर खड़े भारी वाहनों पर उठे सवाल
फिलहाल कोतमा पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। गौरतलब है कि नेशनल हाईवे पर बिना किसी संकेतक या पार्किंग लाइट के सड़क किनारे खड़े रहने वाले भारी वाहन लगातार हादसों को न्योता दे रहे हैं। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर हाईवे पर यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
