
बुरहानपुर। पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देश पर थाना खकनार पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी के प्रकरण में फरार चल रहे आरोपियों शेरसिंह व सरताज सिकलीगर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने डोईफोडिया में नाकाबंदी की, जहां दोनों आरोपी पकड़ाए। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर गालियां देते हुए झूमाझटकी की और भागने की कोशिश की। इस बीच उनके साथी विरेन्द्र, समशेर व गुरुचरण भी आकर शासकीय वाहन की चाबी छीनकर पुलिसकर्मियों से मारपीट करने लगे। हमले में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक जाधव सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हुए, परंतु आरोपियों को भागने नहीं दिया गया। दोनों आरोपियों पर पहले से आर्म्स एक्ट व अन्य धाराओं में 5-5 मामले दर्ज हैं, जिनमें उत्तराखंड, मध्यप्रदेश और राजस्थान के प्रकरण भी शामिल हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ नया प्रकरण दर्ज कर शेष फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित पूरी टीम की भूमिका सराहनीय रही।
