हैदराबाद, हैदराबाद के डिस्ट्रिक्ट कंज्यूमर डिस्प्यूट्स रिड्रेसल कमीशन-1 ने सीधी उड़ान रद्द करने और यात्रियों को कनेक्टिंग रूट पर भेजने के मामले में एयर इंडिया एक्सप्रेस को फटकार लगाई है। शिकायतकर्ता मुनीर टी. खंबाती ने परिवार के साथ थाईलैंड के फुकेट जाने के लिए 1,16,477 रुपये में चार टिकट बुक किए थे, जिनमें 6 जून को हैदराबाद से सीधी उड़ान और 13 जून को वापसी तय थी, लेकिन 21 मई को शेड्यूल बदलाव का हवाला देकर उड़ान रद्द कर दी गई और बिना सहमति परिवार को बेंगलुरु के रास्ते भेजा गया।
वापसी उड़ान में देरी से बेंगलुरु एयरपोर्ट पर 11 घंटे इंतजार, 88 वर्षीय मां की यात्रा में भी आई दिक्कत
यात्री के अनुसार रूट बदलने से उन्हें तड़के निकलना पड़ा और 88 वर्षीय मां को मुंबई के रास्ते वाली उड़ान में बैठाने की जिम्मेदारी अन्य रिश्तेदारों को देनी पड़ी। इसके अलावा 13 जून को वापसी के दौरान फुकेट से बेंगलुरु की उड़ान में देरी के कारण परिवार को रातभर करीब 11 घंटे बेंगलुरु हवाई अड्डे पर इंतजार करना पड़ा, जबकि एयरलाइन की ओर से भोजन या ठहरने की व्यवस्था नहीं की गई।
कमीशन ने माना सेवा में कमी का मामला, 60 हजार रुपये मुआवजा व 10 हजार रुपये खर्च देने का आदेश
जुलाई 2026 में दायर शिकायत पर सुनवाई करते हुए कमीशन की चेयरपर्सन बी. उमा वेंकट सुब्बालक्ष्मी और सदस्य बी. राजी रेड्डी की पीठ ने एयरलाइन के रवैये को सेवा में कमी माना। आयोग ने एयर इंडिया एक्सप्रेस और उसके सीईओ को परिवार के चारों सदस्यों को कुल 60,000 रुपये मुआवजा तथा 10,000 रुपये मुकदमा खर्च अदा करने का निर्देश दिया है।

