नयी दिल्ली, 25 नवंबर (वार्ता) चुनाव आयोग ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को एक जनवरी 2027 को आधार मानकर चलाये जा रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची में नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और अन्य विवरणों की गलतियां दूर करने के लिए कहा है।
आयोग ने बुधवार को इस संबंध में जारी एक पत्र में कहा है कि मौजूदा मतदाता सूची में दर्ज विवरणों की एसआईआर के दौरान जुटायी गयी संबंधित जानकारियों से तुलना की जायेगी। इस दौरान मिलने वाली विसंगतियों को सत्यापन और आवश्यक सुधार के लिए चिह्नित किया जायेगा।
आयोग के अनुसार, चिह्नित मतदाताओं के सत्यापन के लिए बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ) उनके घर जायेंगे और जरूरत पड़ने पर उनसे विधिवत भरा तथा हस्ताक्षरित फॉर्म-8 प्राप्त करेंगे। सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदनों की जांच और निपटारा करेंगे।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदाताओं के विवरण में कोई भी बदलाव संबंधित मतदाता के हस्ताक्षरित फॉर्म-8 और सक्षम अधिकारी की जांच एवं मंजूरी के बाद ही किया जायेगा। केवल स्वचालित तरीके से पहचान की गयी विसंगतियों के आधार पर मतदाता सूची में कोई बदलाव नहीं होगा।
आयोग ने कहा है कि यह पूरी प्रक्रिया ईसीआईनेट के संबंधित मॉड्यूल के माध्यम से संचालित की जायेगी।