
झाबुआ। श्री हाटकेश्वर महादेव धाम, सेमलिया बड़ा, जिला झाबुआ (मध्यप्रदेश) में 36वाँ वार्षिक समारोह श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस भव्य आयोजन में तीन राज्यों गुजरात, महाराष्ट्र एवं मध्यप्रदेश से 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं एवं समाजजनों की सहभागिता रही। यह आयोजन झाबुआ, आलीराजपुर सहित संपूर्ण जनजातीय समाज के लिए प्रेरणादायी रहा।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण जनजातीय महापुरुषों प्रदर्शनी, इतिहास, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं पर आधारित विशेष प्रदर्शनी रही। इसमें मानगढ़ के बलिदान से लेकर वर्तमान समय तक जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, महापुरुषों के योगदान और सामाजिक जागरण की यात्रा को प्रदर्शनी के रूप में प्रदर्शित किया गया। साथ ही ‘भक्ति से देशभक्ति जागरण’, जनजातीय देव-परंपराओं एवं पांचों देव दर्शन पर आधारित प्रदर्शनी ने समाज को अपनी जड़ों, आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का संदेश दिया।
इस आयोजन का मूल उद्देश्य भक्ति के माध्यम से देशभक्ति, आध्यात्मिक चेतना, समाज सुधार, नशामुक्ति, सामाजिक संस्कार और नई पीढ़ी में सकारात्मक विचारों का निर्माण करना रहा। विशेष रूप से युवा पीढ़ी को आदर्शों से प्रेरणा लेकर चरित्र, सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश दिया गया। साथ ही गांवों की समृद्धि, सामाजिक एकता और परंपराओं के संरक्षण पर भी विशेष जोर रहा।
समारोह में परम पूज्य संत श्री गंगाराम जी महाराज देवदा, परम पूज्य संत श्री कानूराम जी महाराज सेमलिया, परम पूज्य संत श्री नारू महाराज लीलेर, परम पूज्य संत श्री नगरिया महाराज, पद्मश्री महेश शर्मा सहित अनेक संत-महात्मा, विद्वान एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। हजारों संतों एवं श्रद्धालुओं के पावन सानिध्य से संपूर्ण धाम भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत श्री हाटकेश्वर बाबा की विशेष पूजा-अर्चना, महाभिषेक, भजन-कीर्तन, आध्यात्मिक सत्संग, प्रदर्शनी एवं दर्शन के साथ विशाल भोजन प्रसादी का आयोजन हुआ। बाबा हाटकेश्वर जी की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई, जो झाबुआ रोड से लगभग डेढ़ किलोमीटर की दूरी तक निकली। पालकी यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर बाबा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। इसके साथ ही धाम परिसर में पंचकुंडीय यज्ञ का आयोजन सुबह से शाम तक चलता रहा।
सामूहिक सहभागिता और सेवा का अनुकरणीय उदाहरण
पूरे कार्यक्रम का कुशल संचालन श्री कालू सिंह जी डामोर द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में झाबुआ जिले के अनेक गांवों के सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं भक्तजनों ने पिछले दो दिनों से निरंतर सेवा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।
भोजन निर्माण एवं वितरण, प्रदर्शनी व्यवस्था, दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा, वाहन पार्किंग, साफ-सफाई, श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन सहित अनेक व्यवस्थाओं में समाजजनों ने सामूहिक रूप से योगदान दिया। हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति के बीच स्थानीय कार्यकर्ताओं की यह सेवा भावना सामाजिक एकता, सहयोग और संगठन का सुंदर उदाहरण बनी।
36वाँ वार्षिक समारोह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जनजातीय अस्मिता, सांस्कृतिक गौरव, सामाजिक जागरण और राष्ट्रभक्ति को एक सूत्र में जोड़ने का सशक्त प्रयास रहा। इस आयोजन ने संदेश दिया कि अपनी परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़कर ही समाज संस्कारित, संगठित और समृद्ध बन सकता है। यह आयोजन आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति, महापुरुषों और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने की दिशा में प्रेरणास्रोत बनेगा।
