जबलपुर: शातिर ठगों ने रांझी में जहां एक व्यक्ति का मोबाइल हैक कर मात्र 5 मिनट के भीतर 1 लाख उड़ा दिए गए, वहीं लार्डगंज में एक शिक्षक का डेटा ऑन होते ही गूगल पे के माध्यम से 88 हजार पार कर दिए गए। पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी अनुसार रांझी थाना अंतर्गत आशीर्वाद बारात घर के पास रहने वाले निशांत कुमार साहू (50) का मोबाइल अचानक उनके नियंत्रण से बाहर हो गया। अज्ञात ने फोन हैक कर लिया। इसके बाद मोबाइल पर धड़ाधड़ पैसे कटने के मैसेज आए।
अज्ञात आरोपी ने उनके यूनियन बैंक और एक्सिस बैंक दोनों खातों को खंगालते हुए कुल एक लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए। इसी प्रकार लार्डगंज थाना अंतर्गत यादव कॉलोनी निवासी शिक्षक शिवराज सिंह उइके (58) ने मोबाइल का इंटरनेट डेटा ऑन किया। डेटा ऑन होते ही उनके मोबाइल की स्क्रीन पर गूगल पे के जरिए पैसे कटने का अलर्ट चमका। जब उन्होंने तुरंत अपना बैंक अकाउंट चेक किया, तो पता चला कि किसी अज्ञात जालसाज ने उनके खाते से 88,000उड़ा दिए थे।
