शिवपुरी: शहर में गुप्त नवरात्रि के अवसर पर झांसी रोड स्थित प्राचीन मां काली मंदिर में 31वें वार्षिक महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर विशाल चुनरी यात्रा निकाली गई। यह यात्रा मां राजराजेश्वरी दरबार से मातारानी और भारत माता की झांकी के साथ शुरू हुई, जिससे शहर में धार्मिक वातावरण बन गया।चुनरी यात्रा राजराजेश्वरी माता मंदिर से शुरू होकर अस्पताल चौराहा, कोर्ट रोड, गुरुद्वारा और पुरानी शिवपुरी होते हुए झांसी रोड स्थित काली माता मंदिर पहुंची।
रास्ते भर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। यात्रा के समापन के बाद मां काली के दरबार को फूल बंगला से सजाया गया और माता को छप्पन भोग अर्पित किए गए।रात्रि में विशाल जागरण का आयोजन किया गया। इसमें जय मां काली म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति दी। जागरण के बाद, तड़के सुबह 4 बजे भक्तों को माता रानी का खजाना वितरित किया गया और सुबह 5 बजे मां काली की महाआरती हुई।
जागरण परिवार के व्यवस्थापक राजकुमार दास त्यागी, भरत ओझा एडवोकेट और गंगाराम सोनी ने बताया कि वार्षिक महोत्सव हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मनाया गया। कार्यक्रमों की श्रृंखला में मां के दरबार में हवन और कन्या भोज का आयोजन भी किया गया।
