
देवास। सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर आमजन के साथ धोखाधड़ी करने वालों के विरुद्ध देवास पुलिस द्वारा निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर महिला से 4.85 लाख की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा नगर निगम देवास में अपने पद का दुरुपयोग करते हुए शहर की एक महिला को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलाने का झूठा प्रलोभन दिया गया। आरोपी ने महिला को योजना का लाभ दिलाने का विश्वास दिलाकर उससे कुल 4 लाख 85 हजार प्राप्त किए तथा उक्त राशि अपने रिश्तेदारों को दे दी। इस प्रकार आरोपी द्वारा धोखाधड़ी एवं अमानत में खयानत की गई।
महिला की शिकायत पर थाना कोतवाली में धारा 316(4), 318(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। थाना कोतवाली पुलिस द्वारा तकनीकी सहायता एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश कर उसे मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के पश्चात आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से धोखाधड़ी से प्राप्त राशि की बरामदगी एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों से पूछताछ के लिए 30 नवंबर तक पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है।
गिरफ्तार आरोपी- किशोर उर्फ नंदकिशोर प्रजापत उम्र 42 वर्ष निवासी भवानी सागर।
