विदिशा।मध्य प्रदेश के विदिशा में नाबालिगों से दुष्कर्म के मामलों में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली थाना क्षेत्र में 14 नवंबर को एक ही दिन में तीन नाबालिगों से दुष्कर्म की घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों को लेकर विरोध प्रदर्शन और आरोपियों के मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग उठ रही थी। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए गैंगरेप के आरोपी शरद गोस्वामी और 6 साल की मासूम से दुष्कर्म के आरोपी चांद खां उर्फ चंदू मियां के तीन मंजिला मकान को जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग, नगर पालिका और पुलिस बल मौजूद रहा।
पहले मामले में रामलीला रोड स्थित मल्टी में आरोपी विशाल किरार ने अपने दोस्त की मदद से 16 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म किया था। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया। वहीं, दूसरे मामले में 6 साल की मासूम को उसके घर के पास रहने वाले 60 वर्षीय चांद खां उर्फ चंदू मियां ने निशाना बनाया। इस घटना के बाद हिंदूवादी संगठनों ने आरोपी को फांसी देने और उसके मकान पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। विदिशा विधायक मुकेश टंडन भी प्रदर्शन में शामिल हुए थे।
तीसरा मामला गैंगरेप का था, जो 14 नवंबर को हुआ था, लेकिन बाद में सामने आया। इस मामले में शरद गोस्वामी और राकेश अहिरवार आरोपी हैं। पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस राकेश अहिरवार को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि शरद गोस्वामी अभी फरार है। प्रशासन ने शरद गोस्वामी के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर मकान को जमींदोज कर दिया।
नगर पालिका इंजीनियर आरके वर्मा के मुताबिक, खाम बाबा और तोपपुरा क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की गई है। वहीं, सनातन श्री हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष रामराज दांगी ने प्रशासन की कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे निष्पक्ष कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराध करने वालों को उनके परिवार पर पड़ने वाले परिणामों के बारे में भी सोचना चाहिए।
कार्रवाई के दौरान नगर पालिका, राजस्व विभाग और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही।
