नयी दिल्ली, 25 नवंबर (वार्ता) अमेजन ग्लोबल सेलिंग के माध्यम से विदेशों में अपना सामान बेचने वाले व्यापारियों की संख्या पिछले करीब 13 महीने में 20 प्रतिशत बढ़ने के बावजूद निर्यात मूल्य के आंकड़े में सुस्ती देखी गई। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से भारतीय व्यापारियों ने अक्टूबर 2024 से अक्टूबर 2025 के बीच 12 महीने में करीब सात अरब डॉलर के समान का निर्यात किया था। अक्टूबर 2025 से नवंबर 2026 के बीच अगले 13 महीने में यह आंकड़ा में सात अरब डॉलर ही रहा।
भारत में अमेजन ग्लोबल सेलिंग के प्रमुख श्रीनिधि कलवापुडी ने यहां बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन में बिक्री के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि अमेजन ग्लोबल सेलिंग साल 2015 में भारत से निर्यात शुरू करने के बाद 11 साल में कुल 27 अरब डॉलर तक पहुंच गया है।
कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, अक्टूबर 2024 में यह आंकड़ा 13 अरब डॉलर और अक्टूबर 2025 में 20 अरब डॉलर था। अमेरिकी आयात शुल्क को लेकर जारी अनिश्चितता और पश्चिम एशिया में मौजूदा भू-राजनैतिक उथल-पुथल के प्रभाव के बारे में पूछे जाने पर श्री कलवापुडी ने कहा कि ये ऐसे कारक हैं जो कंपनी के नियंत्रण से बाहर हैं। इसके बावजूद कंपनी साल 2030 तक भारत से कुल 80 अरब डॉलर यानी अगले चार साल में 53 अरब डॉलर के निर्यात लक्ष्य को हासिल करने के लिए आशान्वित है। उन्होंने बताया कि अब भी भारत से अमेजन के माध्यम से होने वाला सबसे अधिक निर्यात अमेरिका को जाता है।
अगले चार साल के लक्ष्य को लेकर प्रतिबद्धता के पीछे निर्यातकों की बढ़ती संख्या को उन्होंने मुख्य कारण बताया। उन्होंने कहा कि अमेजन ग्लोबल सेलिंग पर पंजीकृत भारतीय निर्यातकों की संख्या करीब 2.4 लाख पर पहुंच गई है। पिछले एक साल में इसमें 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से अमेजन के 18 ई-मार्केट प्लेस पर ये निर्यातक 200 से अधिक देशों में अपने सामान बेच रहे हैं।
श्री कलवापुडी ने कहा कि कंपनी के प्लेटफॉर्म से वैश्विक बाजार का लाभ उठाने वालों में सिर्फ मेट्रो शहरों के व्यापारी नहीं हैं, टीयर-2 और टीयर-3 शहरों के व्यापारी भी तेजी से इससे जुड़ रहे हैं। इन शहरों से बड़ी संख्या में व्यापारी पंजीकृत हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत की विकास यात्रा छोटे क्षेत्रीय केंद्रों पर आधारित है और अमेजन उन्हें निर्यात में सक्षम बनाने के लिए लॉजिस्टिक्स का पारितंत्र तैयार कर रहा है।
जारी आंकड़ों के अनुसार, अमेजन ग्लोबल सेलिंग पर तमिलनाडु में इरोड से निर्यात 12.15 करोड़ डॉलर और कांचीपुरम से 2.9 करोड़ डॉलर के पार पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश के मोरादाबाद, कानपुर और आगरा से निर्यात क्रमशः 8.3 करोड़ डॉलर, 3.5 करोड़ डॉलर और 3.4 करोड़ डॉलर रहा। हरियाणा के पानीपत से अबतक 5.1 करोड़ डॉलर और गुजरात के आनंद से 6.9 करोड़ॉ डॉलर का निर्यात किया गया है।
पंजीकृत विक्रेताओं की संख्या के हिसाब से 36,000 के साथ दिल्ली सबसे आगे है। राजस्थान 32,500 विक्रेताओं के साथ दूसरे और उत्तर प्रदेश 29,000 के साथ तीसरे स्थान पर है। गुजरात से 28 हजार और महाराष्ट्र से 23 हजार 500 विक्रेता पंजीकृत हैं। वहीं, मूल्य के आधार पर सबसे अधिक निर्यात करने वाले पांच शहर ठाणे, मुंबई, दिल्ली, जयपुर और गुरुग्राम रहे।
जिन श्रेणियों में निर्यात में सबसे अधिक वृद्धि देखी गई उनमें स्वास्थ्य एवं निजी सौंदर्य प्रसाधन (45 प्रतिशत), ग्रॉसरी (44 प्रतिशत), ब्यूटी (42 प्रतिशत), खिलौने (35 प्रतिशत), होम (30 प्रतिशत), फर्नीचर (27 प्रतिशत) और परिधान (23 प्रतिशत) शामिल हैं।

