छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के दोषियों के खिलाफ जारी रहेगी सख्त कार्रवाई : साय

रायपुर, 24 नवंबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भ्रष्टाचार और आर्थिक अपराधों के खिलाफ राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मंगलवार को कहा कि प्रदेश में पिछले तीन साल से दोषियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा।

श्री साय ने मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) की कार्रवाई के संबंध में कहा कि जो भी लोग जांच में दोषी पाए जा रहे हैं, उनके खिलाफ सख्ती के साथ कार्रवाई की जा रही है। सरकार की ओर से किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में कोरबा में एसीबी ने रिश्वतखोरी के मामले में जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर आंचल गिरी को गिरफ्तार किया था। गिरी पर एक कबाड़ी कारोबारी से गाड़ी छोड़ने के एवज में डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत के आधार पर एसीबी ने 21 नवंबर को उन्हें रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद छत्तीसगढ़ राज्य कर आयुक्त ने उनके निलंबन का आदेश जारी किया।

आगामी नगरीय निकाय चुनाव के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी चुनाव महत्वपूर्ण होते हैं। पंच से लेकर हर स्तर का चुनाव अपनी जगह महत्वपूर्ण है। लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हर चुनाव का महत्व है।

देश में 50 करोड़ लोगों के गरीबी रेखा से बाहर आने के दावे पर साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ की ओर से प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हैं। पहले ये लोग अति गरीब की श्रेणी में आते थे, लेकिन अब उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। यह एक बड़ी उपलब्धि है।

प्रदेश में हाथियों के बढ़ते आतंक के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि समस्या जरूर है, लेकिन सरकार और वन विभाग पूरी तरह सजग हैं। लोगों को लगातार सावधान किया जा रहा है। हाथियों की मौजूदगी और संभावित खतरे को लेकर लोगों के मोबाइल फोन पर भी सूचनाएं भेजी जा रही हैं, ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।

श्री साय ने भिलाई, चरोदा और रिसाली नगर निगम क्षेत्रों में प्रस्तावित लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तीनों निगम क्षेत्रों में पिछले दिनों पूरे हुए विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही स्वीकृत विकास कार्यों का भूमिपूजन भी होगा। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और मंत्री गजेंद्र यादव भी शामिल होंगे।

Next Post

चीनी, गेहूं कड़क, चावल नरम, दालों और खाद्य तेलों में घट बढ़

Tue Nov 24 , 2026
नयी दिल्ली, 24 नवंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में मंगलवार को चीनी की कीमतों में तेजी रही। चीनी के साथ गेहूं का भाव भी बढ़ गया जबकि चावल में नरमी रही। दालों एवं खाद्य तेलों में घट बढ़ देखी गई। मीठे के थोक बाजार में चीनी की औसत कीमत […]

You May Like