नयी दिल्ली, 24 नवंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में मंगलवार को चीनी की कीमतों में तेजी रही। चीनी के साथ गेहूं का भाव भी बढ़ गया जबकि चावल में नरमी रही। दालों एवं खाद्य तेलों में घट बढ़ देखी गई।
मीठे के थोक बाजार में चीनी की औसत कीमत 27 रुपये बढ़कर 5,672 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गई। गुड़ भी 29 रुपये महंगा हुआ और 6,050 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। खुदरा बाजार में चीनी की औसत कीमत 21 पैसे बढ़कर 61.06 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत आठ रुपये घटकर 4,357 रुपये प्रति क्विंटल रह गई। गेहूं 15 रुपये चढ़कर 2,970 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। आटे का भाव 16 रुपये बढ़ा।
दाल-दलहनों में तुअर दाल की औसत कीमत 56 रुपये और चना दाल की 40 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गई। मूंग दाल 20 रुपये और उड़द दाल छह रुपये महंगी हुई। मसूर दाल में 35 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट रही।
मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में फरवरी का पाम ऑयल वायदा सात रिंगिट चढ़कर 4,247 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। वहीं, जनवरी का अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.50 प्रतिशत गिरकर 59.25 सेंट प्रति पौंड बोला गया।
स्थानीय बाजारों में मूंगफली तेल की औसत कीमत 98 रुपये और पाम ऑयल की 95 रुपये प्रति क्विंटल टूट गई। सूरजमुखी तेल 69 रुपये और सोया तेल 32 रुपये फिसल गया। वहीं, वनस्पति में 17 रुपये और सरसों तेल में चार रुपये की तेजी रही।
