रायपुर, 24 नवंबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार को गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर भिलाई के सेक्टर-6 स्थित सिंह सभा गुरुद्वारे में आयोजित प्रकाश पर्व समारोह में शामिल हुए। उन्होंने पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारे में लंगर का प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी गुरुद्वारे में मत्था टेका और लंगर में शामिल हुए।
साय ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी की जयंती के पावन अवसर पर पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाने का अवसर प्राप्त होना सौभाग्य की बात है।
मुख्यमंत्री ने सिख समाज के संतजनों सहित सभी लोगों को प्रकाश पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सिख समाज का आशीर्वाद और मार्गदर्शन सभी को निरंतर मिलता रहे।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, प्रेम प्रकाश पांडेय, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, सिख समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
