मुरैना। चंबल के मुरैना शहर में बदमाशों ने एक बार फिर सरेराह गोलीबारी कर सनसनी फैला दी। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हरविलास पैलेस के सामने अंबाह बाईपास पर बदमाशों ने कृष्णा गुर्जर की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी। युवक को कई गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृतक के शव को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी अस्पताल पहुंच गए।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। हमलावर कौन थे और वारदात को किस कारण अंजाम दिया गया, इन सवालों के जवाब तलाशने में पुलिस जुटी है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
