
भोपाल। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा का कार्यकाल तीन माह बढ़ाया जा सकता है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ओर से सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्रालय को इस संबंध में पत्र भेजा गया है. वहां से प्रस्ताव मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) के पास जाएगा. समिति की स्वीकृति मिलने पर मकवाणा का कार्यकाल तीन माह बढ़ जाएगा. मकवाणा का निर्धारित दो वर्ष का कार्यकाल 30 नवंबर को समाप्त हो रहा है. यदि उन्हें तीन माह का सेवा विस्तार मिलता है तो वे 31 मार्च तक डीजीपी के पद पर बने रहेंगे. रविवार से ही उनके कार्यकाल में विस्तार को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं. सोमवार को भी शासन के वरिष्ठ स्तर का मामला बताकर अधिकारी आधिकारिक तौर पर कुछ कहने से बचते रहे. हालांकि, सूत्रों के अनुसार प्रस्ताव केंद्र को भेज दिया गया है.
डीजीपी चयन की दौड़ के समीकरण बदलेंगे
मकवाणा को सेवा विस्तार मिलने की स्थिति में अगले डीजीपी के चयन की दड़ के समीकरण बदल सकते हैं. जेल महानिदेशक वरुण कपूर इस दौड़ से बाहर हो सकते हैं, क्योंकि डीजीपी पद के लिए कम से कम छह माह का सेवाकाल शेष होना जरूरी है. ऐसे में डीजी ईओडब्ल्यू उपेंद्र जैन और डीजी होमगार्ड प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव की दावेदारी बनी रहेगी. तीन वरिष्ठ अधिकारियों के पैनल में स्पेशल डीजी सीआइडी पंकज श्रीवास्तव का नाम भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है. वरिष्ठता क्रम में वे उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के बाद आते हैं. मकवाणा के संभावित सेवा विस्तार के बाद पंकज श्रीवास्तव का नाम भी डीजीपी पद की चर्चा में आ गया है.
