उज्जैन। महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय में सोमवार को पूर्व संभागायुक्त और संस्कृत विद्वान डॉ. मोहन गुप्त की पुस्तक ‘द इंडो यूरोपियन प्रॉब्लम : ए न्यू पैराडाइम, ए कंप्लीट री-लुक’ का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में संस्कृत के विद्वान डॉ. राधावल्लभ त्रिपाठी ने कहा कि 21वीं सदी में भारतीय इतिहास के पुनर्लेखन की दिशा में डॉ. गुप्त का कार्य महत्वपूर्ण साबित होगा।
डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि यह पुस्तक पश्चिमी विद्वानों की ओर से प्रस्तुत इंडो-यूरोपियन भाषा और इतिहास संबंधी सिद्धांतों को चुनौती देते हुए भारतीय परंपरा का नया दृष्टिकोण सामने रखती है। उन्होंने डॉ. गुप्त के शोध कार्यों की तुलना बाल गंगाधर तिलक के ऐतिहासिक अध्ययनों से भी की।
इस अवसर पर डॉ. मोहन गुप्त ने अपना मत रखते हुए कहा कि ऋग्वेद की भाषा संस्कृत विश्व की प्राचीनतम भाषा है और आर्यों का मूल निवास भारतवर्ष ही था। उन्होंने अपनी पुस्तक में भाषाविज्ञान, पुरातत्व, आनुवंशिकी और पुराण साहित्य के आधार पर इंडो-यूरोपियन समस्या की नई व्याख्या प्रस्तुत की है।
कार्यक्रम में डॉ. राधावल्लभ त्रिपाठी की पुस्तक ‘हाईवेज एंड बाईवेज ऑफ प्राच्य विद्या’ का भी विमोचन हुआ। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. शिव शंकर मिश्र ने की, जबकि श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मुरली मनोहर पाठक सारस्वत अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में संस्कृत और साहित्य जगत से जुड़ी कई हस्तियां मौजूद रहीं।
