आखिरकार आ गया पटनी बाजार का नम्बर, चौड़ीकरण का निकला टेंडर

उज्जैन:शहर का सबसे पुराना और व्यस्ततम क्षेत्र भी चौड़ीकरण के निशाने पर आ गया है, सावन भादौ मास में निकलने वाली बाबा महाकाल की सवारी के बाद अक्टूबर में महाकाल से लगाकर पटनी बाजार गोपाल मंदिर और ढाबा रोड तक का नंबर लगेगा.नवभारत को मिली जानकारी के अनुसार नगर निगम धार्मिक आयोजनों,एवं अन्य विकास कार्य से फुर्सत मिलते ही महाकाल मंदिर से लगाकर पटनी बाजार और फिर गोपाल मंदिर से लगाकर ढाबा रोड तक के क्षेत्र में लाल निशान लगाएगा।

एक साल में पूरा होगा काम
नगरनिगम ने सोमवार को रामानुजकोट-दानीगेट और महाकाल चौराहा-ढाबारोड के लिए टेंडर जारी कर दिए. इन कामों को पूरा करने की अवधि वर्कआर्डर जारी होने से एक साल की रखी गई है. टेंडर भरने की अंतिम तारीख 11 जून तय की गई है. सावन भादौ काम शुरू होगा.

मास्टर प्लान में चौड़ीकरण
सीएम डॉ मोहन यादव की मंशानुसार बेहतरीन सिंहस्थ करने और आम श्रद्धालुओं की आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए मास्टर प्लान के मुताबिक शहर में रोड चौड़ीकरण के काम चल रहे हैं. पुराने शहर में तो करीब-करीब सारे ही रोड चौड़ीकरण के दायरे में आ गए हैं. कोयला फाटक-छत्रीचौक, गाड़ीअड्डा-बड़ापुल, तेलीवाड़ा-छोटी पुलिया, रविशंकरनगर-लालपुल के बाद अब रामानुजकोट-दानीगेट और महाकाल चौराहा-ढाबारोड को चौड़ा करने की तैयारी शुरू हो गई है. यह दोनों सड़क सिंहस्थ के साथ महाकाल सवारी की दृष्टि से भी खास है.

भयंकर ट्रैफिक जाम
महाकाल से गोपाल मंदिर तक दिन हो रात हर समय भारी ट्रैफिक रहता है. खासकर महाकाल चौराहा-ढाबा रोड, छत्री चौक,गोपाल मंदिर, पटनी बाजार क्षेत्र में तो पैर रखने की जगह भी नहीं होती. पर्व-त्योहार में यहां ट्रैफिक जाम स्थायी समस्या बन जाता है. इस पूरे क्षेत्र को और चौड़ा करने की तैयारी की जा रही है.

व्यापारी सहमत नहीं
नवभारत को मिली जानकारी के अनुसार हालांकि इस चौड़ीकरण की नई योजना से प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र होने से व्यापारी चौड़ीकरण पर पूरी तरह सहमत नहीं हैं, वह चाहते हैं कि ट्रैफिक व्यवस्था ठीक कर ली जाए और अतिक्रमण हटाकर भी इसे व्यवस्थित कर लिया जाए, और चौड़ीकरण टाल दिया जाए.

14 और 11 करोड़ का टेंडर
सोमवार को नगरनिगम ने महाकाल चौराहा-ढाबारोड के लिए जो. टैंडर निकाला, उसमें 13.55 करोड़ का बजट रखा है, जबकि रामानुज कोट- दानीगेट के लिए यह राशि 10.02 करोड़ रुपए है. 11 जून तक टेंडर भरे जा सकेंगे और वर्क आर्डर मिलने के बाद एक साल में काम पूरा करके देना होगा.

चार वार्ड के मकान-दुकान प्रभावित
महाकाल मंदिर से लगाकर ढाबा रोड तक, पटनी बाजार, गोपाल मंदिर क्षेत्र में जो चौड़ीकरण किया जाना है, उसमें लगभग 4 वार्ड के मकान दुकान प्रभावित हो रहे हैं. यदि संख्या की बात करें तो 200 से अधिक रहवासी और व्यापारिक स्थान हटाए जाएंगे. 15-15 फीट तक चौड़ीकरण किए जाने की तैयारी नगर निगम ने की है. वहीं व्यापारी चाहते हैं कि 10 -10 फीट ही चौड़ा किया जाए. देखना होगा कि अक्टूबर माह में क्या स्थिति निर्मित होती है.

जानकारी लेकर ही कुछ कह सकता हूं
मैं तो अभी कंठाल, सती गेट, सराफा वाले मार्ग चौड़ीकरण में व्यस्त हूं. पता चला है कि महाकाल से गोपाल मंदिर ढाबा रोड तक चौड़ीकरण का टेंडर निकला है, उसकी जानकारी लेकर ही आगे कुछ कहा जा सकता है.
– रजत मेहता, एमआईसी सदस्य

सबको भरोसे में लेना एक बड़ा सवाल
अभी तो महाकाल की सवारी निकालना है ऐसे में अक्टूबर बाद ही नगर निगम यहां पर काम शुरू करेगा, लेकिन सारे मार्ग खोल दिए जाएंगे तो पूरे कैसे होंगे, और सबको भरोसे में लिया जाना एक बड़ा सवाल है.
– मुजीब कुरैशी, पार्षद प्रतिनिधि

Next Post

शासकीय चरनोई भूमि से अतिक्रमण हटाया

Tue Jun 2 , 2026
इंदौर: सोमवार को तहसील मल्हारगंज के ग्राम बांक में शासकीय चरनोई भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई.यह कार्रवाई सर्वे क्रमांक 182 एवं 187/1 की लगभग 1.500 हेक्टेयर भूमि पर की गई. मौके पर टीन शेड से निर्मित गैरेज, ऑटो पार्ट्स एवं वाहन सर्विसिंग से संबंधित लगभग 35 दुकानों […]

You May Like