
ग्वालियर, 24 नवंबर। ग्वालियर की पहाड़ियों पर अतिक्रमण, अवैध खनन और सरकारी जमीन पर कथित अवैध कॉलोनियां विकसित करने का मामला एक बार फिर नए मोड़ पर पहुंच गया है। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने जनहित याचिका वापस लेने की अनुमति देते हुए संबंधित व्यक्तियों को पक्षकार बनाकर नई याचिका दायर करने की छूट दे दी है। याचिका जंडेल सिंह यादव ने दायर की थी। न्यायमूर्ति जीएस अहलूवालिया और न्यायमूर्ति अनुराधा शुक्ला की युगलपीठ के समक्ष सुनवाई में सामने आया कि याचिका में कई व्यक्तियों पर सरकारी जमीन पर कब्जे, अवैध कॉलोनियां विकसित करने और खनन गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं, लेकिन उन्हें प्रतिवादी नहीं बनाया गया है। इस पर याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता मुदित गोस्वामी ने याचिका वापस लेकर संबंधित व्यक्तियों को पक्षकार बनाने के बाद नई याचिका दायर करने की अनुमति मांगी, जिसे स्वीकार कर लिया गया।
याचिका में ग्राम गुढ़ा के सर्वे क्रमांक 458/2, 459/2, 460/1, 460/2, 461/2, 551 और 552 की शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने, अवैध निर्माण ध्वस्त करने और खनन रोकने की मांग की गई थी।
गौरतलब है कि हाईकोर्ट 23 अप्रैल को पहाड़ियों के संरक्षण, पौधरोपण और अतिक्रमण रोकने के लिए लगातार न्यायिक निगरानी की व्यवस्था करते हुए कलेक्टर की अध्यक्षता में 10 सदस्यीय समिति गठित कर चुका है। अब नई याचिका में संबंधित व्यक्तियों को पक्षकार बनाए जाने के बाद इस मामले की अगली कानूनी दिशा तय होगी।
