चुनाव आयोग से बीएलओ के स्थायी पदों की मांग

​ग्वालियर। मध्यप्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त, भारत निर्वाचन आयोग को ग्वालियर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के माध्यम से एक ज्ञापन सौंपा गया है। इस ज्ञापन में देश के लगभग 10 लाख 35 हजार मतदान केंद्रों पर निर्वाचन कार्य के लिए नवीन पद स्वीकृत कर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की स्थायी नियुक्ति करने की मांग की गई है।
​ज्ञापन सौपने वालो में संगठन के जिलाध्यक्ष राकेश सिंह, संरक्षक कमलकिशोर पाठक तथा प्रांताध्यक्ष विजय मिश्रा शामिल थे। ज्ञापन में मांग कि गई है कि देश में करीब 90 करोड़ मतदाताओं के लिए लगभग 10 लाख 35 हजार से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां मतदाता सूची को अद्यतन करने का कार्य प्रतिवर्ष 1 जनवरी की स्थिति में निरंतर चलता है तथा गहन पुनरीक्षण लगभग 15 से 20 वर्ष में होता है। ​संघ के अनुसार, वर्तमान में बीएलओ के रूप में सर्वाधिक संख्या विद्यालयों के शिक्षकों की लगाई जाती है। ज्ञापन में शिक्षा के अधिकार अधिनियम 2009 और सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 6 दिसंबर 2007 को ‘भारत निर्वाचन आयोग विरुद्ध सेंट मेरी स्कूल एवं अन्य’ प्रकरण में दिए गए निर्देशों तथा शासन के 25 मार्च 2013 के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा गया है कि शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्य या मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य अवकाश व गैर-शैक्षणिक समय में ही सौंपे जाने का प्रावधान है।
​बीएलओ कार्य में सामने आ रही प्रमुख चुनौतियां
ज्ञापन में बताया गया है कि अचानक और अनियमित रूप से कर्मचारियों की बीएलओ ड्यूटी लगाने, तकनीकी दक्षता के अभाव और अत्यधिक कार्यभार के कारण कर्मचारियों पर मानसिक दबाव बढ़ रहा है, जिससे बीमारी, आकस्मिक मृत्यु या आत्महत्या जैसी गंभीर घटनाएं भी सामने आ रही हैं।

संघ ने यह प्रमुख समस्याएं गिनाई
​प्रत्येक बीएलओ के पास मतदाताओं की संख्या अधिक होने और शहरी क्षेत्रों में मतदान केंद्र की सीमाओं की जानकारी न होने से संपर्क में अधिक समय लगता है। ​ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में परिवार के सदस्यों के अलग-अलग जगह जुड़े होने से कंप्यूटर पर ऑनलाइन सर्च करने में दिक्कत आती है।
​वेबसाइट के सर्वर पर लोड के कारण दिन में पोर्टल ठीक से नहीं चलने से बीएलओ को रात में जागकर ऑनलाइन कार्य करना पड़ता है। ​सेवानिवृत्ति के करीब पहुंचे कई कर्मचारियों को मोबाइल व ऑनलाइन कार्य में दक्ष न होने के बावजूद ड्यूटी पर लगाए जाने से मानसिक परेशानी हो रही है।
​दिन में क्षेत्र व चौपालों में जाने के दबाव तथा रात में ऑनलाइन कार्य के कारण महिला व बुजुर्ग कर्मचारियों को विशेष कठिनाई होती है। ​ग्रामीण क्षेत्रों में अशिक्षा के कारण अधिकांश फॉर्म बीएलओ को स्वयं भरने पड़ते हैं।

​स्थायी नियुक्ति से संभावित लाभ
संघ के अनुसार, वर्तमान में निर्वाचन कार्य लगभग 12 माह चलता है और अन्य विभागों के कर्मचारियों को संलग्न करने से मूल विभागीय कार्य प्रभावित होते हैं। यदि संभव न हो तो दो या तीन संलग्न बूथों पर एक अधिकारी नियुक्त कर मतदान केंद्र पर कक्ष बनाया जाए। ​स्थायी नियुक्ति से निर्वाचन आयोग को मतदाता सूची के नियमित अद्यतन, मतदान के समय स्थानीय मतदाता की विश्वसनीय पहचान, अन्य विभागों व नवंबर-दिसंबर में छात्रों की पढ़ाई के नुकसान को रोकने तथा कंप्यूटर-मोबाइल में दक्ष युवा भर्ती से सटीक सूची बनने और नवीन रोजगार सृजन का लाभ मिलेगा।

Next Post

सिर्फ हथकड़ियों में ही देश लौटेंगी हसीना : विदेश मंत्रालय

Tue Nov 24 , 2026
ढाका, 24 नवंबर (वार्ता) बंगलादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा है कि किसी भी अपराधी को प्रत्यर्पण प्रक्रिया से गुजरे बिना देश लौटने की अनुमति नहीं दी जाएगी। विदेश मंत्रालय में विदेशी राजनयिकों को जानकारी देने के बाद मंगलवार को उन्होंने दिसंबर में अपदस्थ पूर्व प्रधानमंत्री शेख […]

You May Like