सिर्फ हथकड़ियों में ही देश लौटेंगी हसीना : विदेश मंत्रालय

ढाका, 24 नवंबर (वार्ता) बंगलादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा है कि किसी भी अपराधी को प्रत्यर्पण प्रक्रिया से गुजरे बिना देश लौटने की अनुमति नहीं दी जाएगी। विदेश मंत्रालय में विदेशी राजनयिकों को जानकारी देने के बाद मंगलवार को उन्होंने दिसंबर में अपदस्थ पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित बंगलादेश वापसी से जुड़े सवाल के जवाब में यह बात कही। हसीना की दिसंबर में वापसी की योजना का जिक्र करने वाली रिपोर्टों का उल्लेख करते हुए श्री कबीर ने कहा, “कोई भी व्यक्ति निराशा में पैसा खर्च कर सकता है और लोगों को कई तरह की बातें लिखने के लिए रख सकता है। लेकिन आकांक्षाएं और वास्तविकता दो अलग-अलग चीजें हैं और हमें इनके बीच अंतर समझना होगा। वास्तविकता यह है कि किसी भी अपराधी को प्रत्यर्पण प्रक्रिया से गुजरे बिना देश लौटने की अनुमति कभी नहीं दी जाएगी।”

उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति सपने में या बुरे सपने में भी यह कल्पना कर सकता है कि वह बस चलकर या विमान से बंगलादेश लौट आएगा। उन्होंने कहा, “लेकिन ऐसा नहीं है। वह कोई सामान्य यात्री नहीं हैं। उन्हें देश वापस केवल हथकड़ी लगाकर या कड़ी सुरक्षा के बीच ही लाया जा सकता है। यही वास्तविकता है।” सरकार के रुख के बारे में पूछे जाने पर राज्य मंत्री ने कहा कि सरकार को पूरा भरोसा है, क्योंकि उसे जनता के भारी समर्थन और दो-तिहाई से अधिक बहुमत के साथ चुना गया है। उन्होंने कहा, “यह कोई मनमानी या अस्थायी सरकार नहीं है। जनता के बीच इसकी स्थिति बहुत मजबूत है। इसलिए हम जनता के भरोसे को ध्यान में रखते हुए इस स्थिति से पूरे आत्मविश्वास के साथ निपट रहे हैं।”

श्री कबीर ने आरोप लगाया कि अवामी लीग के कार्यकर्ता लोगों में भय फैलाने के प्रयास में छिटपुट हिंसक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि लोग डरे हुए नहीं हैं और हिंसा में शामिल लोग अब खुद भयभीत हैं। उन्होंने कहा कि अवामी लीग बंगलादेश की जनता के लिए अप्रासंगिक हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी को जनता का कोई समर्थन हासिल नहीं है और लोग उसे व्यापक रूप से नापसंद करते हैं। उन्होंने कहा कि पांच अगस्त के जनविद्रोह के बाद लोग शासन व्यवस्था में गुणात्मक बदलाव चाहते हैं और अब इस तरह की गतिविधियां नहीं देखना चाहते। उन्होंने यह दावा भी किया कि हिंसा में शामिल लोगों को आम नागरिक ही कानून प्रवर्तन एजेंसियों के हवाले कर देंगे।

.....

Next Post

श्री गुरु नानक देव जी प्रकाश पर्व पर राधाकृष्णन ने गुरुद्वारा रकाब गंज में मत्था टेका

Tue Nov 24 , 2026
नयी दिल्ली, 24 नवंबर (वार्ता) श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन मंगलवार को यहां गुरुद्वारा रकाब गंज साहिब गए और मत्था टेका। उप राष्ट्रपति ने गुरुद्वारे में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रति श्रद्धा व्यक्त की और रुमाला साहिब […]

You May Like