उर्वरक संकट से जूझ रहे किसान फिर सडक़ पर

सतना : महीने भर से अधिक का समय बीत चुका है लेकिन उर्वरक संकट से जूझ रहे किसानों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है. जिसके चलते महीने भर में चक्काजाम और विरोध प्रदर्शन की दर्जन भर घटनाएं सामने आ चुकी हैं. प्रशासन द्वारा उर्वरक की उपलब्धतता का दावा भले ही किया जा रहा हो. लेकिन आए दिन कालाबाजारी के आरोप और खाद के लिए किसानों का जूझना यह बताने के लिए काफी है कि व्यवस्था के कुछ सुराख अब भी बंद नहीं हो पाए हैं.

सोमवार को भोर में 4 बजे से ही सैकड़ों की संख्या में किसान शहर के कृषि अभियांत्रिकी कार्यालय में लाइन लगाकर खड़े हो गए थे. जिसमें से कई किसान तो 20-25 किमी दूर से आए थे. लेकिन घंटों इंतजार करने के बावजूद भी जब किसानों को खाद नहीं मिली तो उनका आक्रोश बढऩे लगा. लिहाजा कुछ देर में ही एकत्रित किसाने कार्यालय के सामने सतना-पन्ना मुख्य मार्ग पर पहुंच गए.

विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी के चलते उक्त मार्ग से होकर गुजरने वाले वाहनों के पहिए थम गए. देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसान को समझाने का प्रयास किया. लेकिन किसानों का कहना था कि उर्वरक की उन्हें तत्काल आवश्यकता है. जब खेती का समय निकल जाएगा तो वे उर्वरक लेकर भला क्या करेंगे.

इसी कड़ी में किसानों ने आरोप लगाया कि उनकी समस्या दिनों दिन गंभीर होती जा रही है. लेकिन इसके बावजूद भी प्रशासन द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है. मर्कफेड से 9 हजार से अधिक किसान टोकन प्राप्त कर चुके हैं. लेकिन उन्हें अब तक खाद नहीं मिल पाई है. इतना ही नहीं बल्कि कालाबाजारी करने वालों तक खाद आसानी से पहुंच जा रही है. किसानों की समस्या को सुनने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा जल्द समाधान का आश्वासन दिया. जिसके बाद किसान सडक़ से हटने को राजी हो गए.

कालाबाजारी फिर वाइरल
जिले भर में उर्वरक संकट से जूझ रहे किसानों का आक्रोश उस वक्त और बढ़ जाता है जब किसी निजी प्रतिष्ठान द्वारा कालाबाजारी किए जाने की जानकारी सामने आती है. इसी कड़ी में जिले के कोठी क्षेत्र में स्थित एक निजी प्रतिष्ठान से संबंधित एक वीडियो वाइरल हुआ. जिसमें प्रतिष्ठान पर मौजूद स्टॉफ द्वारा 480 रु प्रति बोरी की दर से उर्वरक बेचने की बात कही जा रही है. किसान द्वारा आपत्ति जताने पर प्रतिष्ठान संचालक द्वारा यह स्पष्ट किया गया कि उर्वरक के साथ जिंक भी लेना पड़ेगा. जिसके चलते एक बोरी खाद के लिए 480 रु देने होंगे.

Next Post

रेस्क्यू ऑपरेशन के दूसरे दिन मिला शव

Tue Sep 9 , 2025
सतना:रविवार की सुबह नदी में नहाने के लिए उतरा बालक पानी की तेज धार में बह गया था. जिसकी तलाश कर रही एसडीआरएएफ की टीम ने सोमवार को नदी में बहे बालक के शव को बरामद कर लिया.जिले के कोटर थाना क्षेत्र अंतर्गत डगडिहा निवासी 12 वर्षीय बालक राजेंद्र उर्फ […]

You May Like

Play sound