क्रेन की ग्रिल टूटी 4 मजदूर कुएं में गिरे,दो की मौत

बुरहानपुर। बुरहानपुर में कुएं की सफाई कर रहे दो मजदूरों की क्रेन की ग्रिल टूटने की वजह से उसमें गिरने से मौत हो गई। उनके साथ काम कर रहे दो सगे भाई भी कुएं में गिरे जो घायल हैं। उनका उपचार चल रहा है। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन भाईयों में से एक की मौत हो गई, दो घायल हैं।

घटना खकनार थाना क्षेत्र के बसाली गांव में शुक्रवार को हुई। गांव के राजकिशोर चौकसे के खेत में 4 मजदूर कुएं की सफाई कर रहे थे। अचानक क्रेन की ग्रिल टूटने की वजह से चारों मजदूर उसमें गिर गए। हादसे में क्रेन मालिक बबलु नानका 30 और तातिया 18 पिता मदन की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बबलु नानका क्रेन के मालिक थे और उन्हीं का ठेका भी था। दोनों बसाली गांव के रहने वाले थे। उनका पोस्टमार्टम कर परिजनों को शव सौंप दिए गए हैं। वहीं दो भाई भोला पिता मदन 22 और करण पिता मदन 24 भी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए। खकनार थाना प्रभारी अभिषेक जाधव ने बताया किचारों मजदूर कुएं से मिट्टी निकालने का काम कर रहे थे। काम खत्म करने के बाद जब वे ऊपर नहाने के लिए आ रहे थे, तभी क्रेन की ग्रिल टूट गई। इस मामले की जांच की जा रही है।

Next Post

भगवान के बाद डॉक्टर ही बचाते हैं जिंदगी 

Sat Mar 22 , 2025
विदिशा। केन्द्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र विदिशा के प्रवास पर थे। शिवराज सिंह ने विदिशा में आयोजित कई स्थानीय कार्यक्रमों में शिरकत की। केन्द्रीय मंत्री ने यहां एक निजी फूड प्रोडक्ट इंडस्ट्री का शुभारंभ किया और बाढ़ वाले गणेश मंदिर में […]

You May Like