नयी दिल्ली, 24 नवंबर (वार्ता) श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर उपराष्ट्रपति
सी. पी. राधाकृष्णन मंगलवार को यहां गुरुद्वारा रकाब गंज साहिब गए और मत्था टेका।
उप राष्ट्रपति ने गुरुद्वारे में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के प्रति श्रद्धा व्यक्त की और रुमाला साहिब भेंट किया।
उपराष्ट्रपति सचिवालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार श्री राधाकृष्णन ने इस पावन अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में उपराष्ट्रपति ने कहा, ” श्री गुरु नानक देव जी की सत्य, समानता, करुणा, निःस्वार्थ सेवा और सार्वभौमिक भाईचारे की शाश्वत शिक्षाएं आज भी मानवता का मार्ग प्रशस्त कर रही हैं और हमें शांति, सद्भाव तथा परस्पर सम्मान पर आधारित समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करती हैं।
“उनका ‘किरत करो, वंड छको और नाम जपो’ का संदेश हमें धर्मपरायणता, गरिमा और मानवता की सेवा के मार्ग पर चलने के लिए मार्गदर्शन देता रहे।” श्री राधाकृष्णन के साथ केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, दिल्ली के उप-राज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी गुरुद्वारे में माथा टेका।

