ग्वालियर: संत शिरोमणि दादाजी महाराज के जन्मदिवस पर आज मंगलवार सुबह 8 बजे से धार्मिक आयोजन होंगे। दादाजी महाराज का मंगल जन्म महोत्सव आज 24 नवंबर, मंगलवार को श्री दादाजी धाम धर्मपुरी मंदिर में श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा।इस अवसर पर प्रातः 8 बजे से विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों के साथ जन्म महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।
सर्वप्रथम जगतगुरु स्वामी रामेश्वरानंद महाराज द्वारा बड़े गुरु महाराज संत महाराज का चरण वंदन पूजन किया जाएगा। उसके पश्चात सद्गुरु महिमा के प्रवचन होंगे। सुंदर मनमोहक भजनों की प्रस्तुति होगी।मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण के बीच संत शिरोमणि श्री दादाजी महाराज का जन्मदिवस मनाने की भव्य तैयारियां की गई हैं।
जगतगुरु स्वामी रामेश्वरानंद महाराज ने सभी भक्तों एवं नगरवासियों से श्री दादाजी धाम धर्मपुरी मंदिर, महाराज बाड़ा पर पहुंच कर सभी श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से जन्म महोत्सव में सम्मिलित होकर धर्मलाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है।