इंदौर: जिला प्रशासन एवं नगर निगम प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा आज न्यायालय के आदेश के पर कृष्णबाग कॉलोनी में व्यापक रिमूवल कार्रवाई की गई. कार्रवाई के दौरान 12 पोकलेन मशीनों एवं 06 जेसीबी सहित 250 से अधिक निगम रिमूवल अमले तथा जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा अभियान चलाया गया. इस दौरान कृष्णबाग कॉलोनी में 42 से अधिक मकानों को हटाने की कार्रवाई की गई.आज शहर में न्याय नगर के पास स्थित कृष्णबाग कॉलोनी पर गरीबों के मकान नगर निगम, प्रशासन ने तोड़ दिए. करीब 77 मकान तोड़ने की कार्रवाई करना थी, लेकिन 42 रहवासियों के मकानों को तोड़ा गया.
बाकी मकानों पर कोर्ट का स्टे है. अमले को लौटाना पड़ा. उक्त जमीन पर गरीबों की कृष्णबाग कॉलोनी बसी हुई है, जिसमें दो सौ छोटे छोटे प्लॉट है. आज जैसे ही नगर निगम का अमला मकान तोड़ने पहुंचा तो रहवासी अपने मकानों को तोड़ने के दौरान गमगीन हो गए. इतना ही नहीं कई मकान के रहवासियों को मकान का सामान खाली जगह पर रखने को मजबूर होना पड़ा. नगर निगम, प्रशासन और पुलिस के भारी अमले के सामने रहवासी नतमस्तक नजर आए. नगर निगम रिमूवल दस्ते ने करीब 12 पोकलेन और 6 जेसीबी मशीन से सुबह 8 बजे कोर्ट के आदेश पर मकान तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी थी.
लगभग 3 बजे नगर निगम ने 42 मकानों को जमींदोज कर दिया था. इसके साथ ही कालका माता मंदिर तोड़ने को लेकर निगम के अधिकारी असमंजस में थे और मंदिर को बचाने के लिए रहवासियों ने विरोध भी किया. अंततः पुलिस और प्रशासन ने मंदिर को फिलहाल नहीं छेड़ा. कार्रवाई के दौरन अपर आयुक्त आकाश सिंह, अपर कलेक्टर, जिला एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, रिमूवल अधिकारी शिवराज यादव, सहायक रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे सहित निगम एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.
कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई
इस मामले में एडिशनल डीसीपी अमरेंद्रसिंह ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश का पालन करने के तहत कार्रवाई की गई है. एसडीएम रोशनी पाटीदार ने कहा कि कोर्ट के आदेश पर राजधर्म का पालन किया गया है.
