
पुनीत दुबे इटारसी। नवम्बर वर्षों से वार्ड क्रं 12, 13 एवं 14 में नगरपालिका द्वारा सप्लायी किया जा रहा पीने का पानी तीन रंगों और दो स्वाद वाला नागरिकों को मिल रहा है जिसकी शिकायत नपा प्रशासन और जिला प्रशासन के अलावा भोपाल में बैठे आला अधिकारियों से की जा रही है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही हैं. निवासियों का कहना है कि इंदौर के भागीरथ पुरा की घटना की पुनर्रावृत्ति करने का प्रशासन का मन बनाया है तभी जाकर कोई सुधार होने की संभावना होगी. आज भी पीने के पानी में सीवर लाईन का पानी और मिटटी वाला पानी लगातार आ रहा है।
पेयजल एवं सीवर लाईन सीमेंट की बनी हुई है
कालोनी का निर्माण 40 वर्ष पूर्व हुआ था. उस समय पेयजल के लिये सीमेंट से निर्मित पाईप लाईन पीने के पानी के लिये लगभग 6 फिट नीचे डाली गई थी उसके साथ सीमेंट से निर्मित सीवर लाईन भी बिछायी गई थी. बताया जाता है कि अनेक वर्षोंे से पाईप लाईन आपस में कहीं मिल गईहै. नगरपालिका प्रशासन थोडे से समय देखरेख कर दो चार गडढे खोदकर नागरिकों के सामने पटक देते हैं तथा कहते हैं कि हमें लीकेज नहीं मिल पा रहा है.
पिछले 30 वर्षों से न्यास कालोनी में गंदे पानी की शिकायत का समाधान निकालने में नगरपालिका प्रशासन पीछे हट रहा है. इंदौर की घटना के बाद भी प्रशासन सबक लेने को तैयार नहीं है. नपा अध्यक्ष पंकज चौरे आश्वासन देते चले आ रहे हैं कि हम जलावर्धन योजना की पाईप लाईन को चालू कराकर न्यास वालों को गंदे पानी की शिकायत से निजात दिलाने की गारंटी देते हैं.
तीस वर्ष पूर्व फैला था हैजा जिसमें तीन बच्चों की हुई थी मौत – नगरपालिका प्रशासन के एकमात्र न्यास कालोनी क्षेत्र है जो सबसे ज्यादा राजस्व नपा प्रशासन को देता है पर उसकी सुविधा के लिये प्रशासन क्यों रूचि नहीं लेता, यह सोचनीय विषय है. बताया जाता है कि, सन 1995 में तात्कालीक अध्यक्ष अनिल अवस्थी के कार्यकाल में न्यास के ईडब्ल्युएस क्षेत्र में हैजा फैला था. उसमें में भी 3 बच्चों की मौत होने के बाद प्रशासन जागा था. प्रशासन ने एक नगरपालिका कर्मचारी को सस्पेंड कर अपनी कार्यवाही पूर्ण कर ली थी.
शिकायतों का अंबार – न्यास कालोनी वासी नपा प्रशासन को हमेशा गंदे पानी की शिकायत करते नजर आ रहे हैं लेकिन प्रशासन उन्हें झूठा आश्वासन देकर शांत कर देता है. अनेक व्यक्तियों ने गंदे पानी की शिकायत की है. जिसमें जिसने शिकायत की उसके घर के सामने जल विभाग पाईप लाईन ठीक करने के नाम पर गडढा कर जाता है और यह गडढा एक दो महीने तक वैसा ही पडा रहता है नगरपालिका क लोग आकर हाजिरी लगा देते हैं कि आप ही बताएं कि ये गंदा पानी कहां से आ रहा है. ऐसी स्थिति में नागरिक परेशान है और प्रशासन उन्हें कोई निजात दिलाने में फेल नजर आ रहा है.
प्रशासन होगा जबावदार – श्याम सोनी
नागरिक श्याम सोनी का कहना है कि इंदौर की घटना के बाद भी प्रशासन ध्यान नहीं द े रहा है यदि न्यास में जल प्रदाय व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो यहां इंदौर से भी अधिक बडी घटना घट सकती है. यदि शिकायत का निराकरण नहीं किया तो हम सब नागरिक मिलकर जनआंदोलन की राह पकड लेंगे.
वहीं एक अन्य निवासी सुशीला चौधरी ने बताया कि नपा प्रशासन के पास हमारे द्वारा गंदे पानी की शिकायत करना नियति बन चुका है लेकिन प्रशासन हमारी ओर ध्यान नहीं दे रहा है जब कोई बडी घटना घटेगी तो क्या प्रशासन इसकी जबावदारी लेगा
नगरपालिका प्रशासन आंखें मूंदकर बैठा है – धर्मवीर सैनी
पूर्व पार्षद धर्मवीर सैनी ने बताया कि सन 1995 में ईडब्लयुएस क्षेत्र में पीने के पानी से हैजा फैला हुआ था. इसका कारण वह यह मानते हैं कि न्यास में पीने के पानी की लाईन और सीवर लाईन का कनेक्शन एक हो गया है. नगरपालिका प्रशासन इसे गंभीरता से नहीं ले रही है. क्योंकि इसमें पीने के पानी की पाईप लाईन अलग से बिछायी जाए या फिर सीवर लाईन को अलग करना नपा प्रशासन के बजट से बाहर है. वैसे ही नगरपालिका की आर्थिक स्थिति बहुत खराब है. वे कैसे इस समस्या से निजात दिलाएंगे. श्री सैनी ने बताया कि गंदे पानी की शिकायत का निराकरण एक सप्ताह के अंदर नहीं किया तो न्यास कालोनी वासी एक अंदोलन करने हेतु बाध्य होंगे.
जलावर्धन योजना की पाईप लाईन से न्यास वासियों को दिया जाएगा पेयजल – पंकज चौरे
हमारे द्वारा ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है वह आकर नई पाईप लाईन में कनेक्शन कर दे. तो यह समस्या हल हो जाएगी.