नयी दिल्ली, 23 नवंबर (वार्ता) कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय की सचिव पल्लवी जैन गोविल ने सोमवार को कहा कि दिवाला कानून (आईबीसी) के तहत अगला बड़ा और व्यावहारिक सुधार ‘प्रौद्योगिकी’ के क्षेत्र में होगा।
भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट संस्थान (आईसीएआई) के इन्सॉल्वेंसी पेशेवरों के संगठन आईआईआईपीआई के 10वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. गोविल ने एक ऐसा इन्सॉल्वेंसी फ्रेमवर्क बनाने की जरूरत को रेखांकित किया जो तेज हो, जिसके नतीजों का बेहतर अनुमान लगाया जा सके, जो प्रौद्योगिकी से लैस हो, वैश्विक मानकों के अनुरूप हो और एक गतिशील अर्थव्यवस्था की जरूरतों के प्रति संवेदनशील हो। उन्होंने कहा कि दिवाला कानून के तहत समाधान योजना का मंज़ूर होना प्रक्रिया का अंत नहीं है, यहीं से पुनरुद्धार की शुरुआत होती है। अगर कागज पर कोई योजना मंजूर हो भी जाये, लेकिन कारोबार का हस्तांतरण न हो, पैसे का भुगतान न किया जाये या वादों को पूरा न किया जाये, तो ऐसी योजना किसी काम की नहीं है।
इन्सॉल्वेंसी एंड बैंकरप्सी बोर्ड ऑफ इंडिया (आईबीबीआई) के पूर्णकालिक सदस्य संदीप गर्ग ने कहा कि अधिकांश व्यवसायों को पेशों होने में दशकों लग गये, लेकिन इन्सॉल्वेंसी समाधानकर्ताओं का पेशा बहुत कम समय में परिपक्व हो गया है। दस साल बाद आईबीसी का मूल्यांकन इस आधार पर किया जायेगा कि कंपनियां कितनी जल्दी दिवाला प्रक्रिया से बाहर आती हैं, अपना मूल्य अक्षुण्ण रख पाती हैं और नौकरियों को सुरक्षित रखती हैं।
आईसीएआई के अध्यक्ष प्रसन्ना कुमार डी. ने बताया कि आईआईआईपीआई सबसे बड़ी दिवाला पेशेवर एजेंसी है और इसके लगभग 83 प्रतिशत सदस्य चार्टर्ड अकाउंटेंट्स हैं।
