नयी दिल्ली, 23 नवंबर (वार्ता) राष्ट्रीय राजमार्गों पर बिना बैरियर टोल वसूली की मल्टी लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) प्रणाली से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के राजस्व में 19.84 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि सात टोल प्लाजा पर इस प्रणाली के लागू होने के बाद एक नवंबर 2026 तक कुल शुद्ध राजस्व करीब 538.95 करोड़ रुपये रहा, जबकि इससे पहले की समान अवधि में यह लगभग 449.72 करोड़ रुपये था। इस तरह प्राधिकरण को करीब 89.23 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त हुआ।
गुजरात के चोरयासी टोल प्लाजा पर यह प्रणाली एक मई 2026 को शुरू की गयी थी। इसके बाद दिल्ली के मुंडका, राजस्थान के दौलतपुरा और मनोहरपुरा, हरियाणा के घरौंडा, उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर तथा तमिलनाडु के परनूर टोल प्लाजा पर इसे लागू किया गया। इन सात टोल प्लाजा पर औसतन 21.10 प्रतिशत राजस्व वृद्धि दर्ज की गई, जबकि संयुक्त आधार पर यह वृद्धि 19.84 प्रतिशत रही।
एमएलएफएफ प्रणाली में वाहनों को टोल प्लाजा पर रुकने की जरूरत नहीं पड़ती। इससे यातायात जाम और यात्रा समय कम होने के साथ ईंधन की खपत तथा वाहनों से होने वाले प्रदूषण में भी कमी आती है। इस प्रणाली से टोल वसूली में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ने के साथ लेनदेन की संख्या में भी वृद्धि हुई है।
इन टोल प्लाजा पर जारी ई-नोटिस के कुल मूल्य का करीब 60 प्रतिशत पहले ही वसूल किया जा चुका है। टोल चोरी रोकने के लिए एनएचएआई कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित वाहन पहचान तकनीक और वाहन डेटाबेस (वाहन) का उपयोग कर रहा है। वाहन नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर टोल भुगतान से बचने वालों के खिलाफ राज्य सरकारों और पुलिस के सहयोग से कार्रवाई की जा रही है।

