भोपाल मास्टर प्लान पर फिर विरोध, लैंड यूज में बदलाव और चौड़ी सड़कों पर लोगों ने जताई आपत्ति

भोपाल। मास्टर प्लान के ड्राफ्ट पर सोमवार को हुजूर तहसील कार्यालय में फिर सुनवाई हुई। दो दिन के अवकाश के बाद टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (टीएंडसीपी), जिला प्रशासन और एक्सपर्ट की टीम ने लोगों की आपत्तियां सुनीं। इस दौरान लैंड यूज में बदलाव, कैचमेंट एरिया, बॉटनिकल गार्डन और गांवों की आबादी के बीच से प्रस्तावित चौड़ी सड़कों को लेकर लोगों ने अपनी बात रखी।

सुनवाई के दौरान बेरखेड़ी बाजाफ्ता के मुकेश रजक ने अपनी जमीन को लेकर आपत्ति दर्ज कराई। उनका कहना है कि उनकी जमीन कैरवाटेक नदी क्षेत्र में आती है, जिसे नए मास्टर प्लान में बॉटनिकल गार्डन के लिए प्रस्तावित किया गया है। उन्होंने बॉटनिकल गार्डन का क्षेत्र कम करने और अपनी जमीन को इससे बाहर रखने की मांग की। इस पर अधिकारियों ने शिकायत दर्ज कर जांच करने की बात कही।

वहीं, मिसरोद में 24 मीटर चौड़ी सड़क पर कमर्शियल मिक्स यूज का प्रस्ताव हटाने की मांग की गई। रहवासी अजय पाटीदार की आपत्ति पर अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि ग्राम बिलखिरिया खुर्द के खसरा नंबर 575 से 593 के बीच प्रस्तावित 24 मीटर सड़क से कमर्शियल मिक्स यूज का प्रस्ताव हटाने पर विचार किया जाएगा। इसके अलावा मिसरोद गांव की आबादी के बीच से प्रस्तावित 45 मीटर चौड़ी सड़क का भी ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। उनकी मांग है कि सड़क को गांव की आबादी से हटाकर वैकल्पिक बायपास पर विचार किया जाए। इस मामले में 10 दिसंबर को सुनवाई होगी।

दौलतपुर के रहवासियों ने भी लैंड यूज में बदलाव पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि ड्राफ्ट में सतगढ़ी की निजी जमीनों को आवासीय क्षेत्र में शामिल किया गया है, जबकि दौलतपुर को आमोद-प्रमोद नगर उद्यान के लिए प्रस्तावित किया गया है। लोगों ने इसे भेदभाव बताते हुए विरोध जताया।

बता दें कि भोपाल मास्टर प्लान के ड्राफ्ट पर कुल 13 हजार 400 से ज्यादा आपत्तियों की सुनवाई की जानी है। 16 नवंबर से शुरू हुई सुनवाई 10 दिसंबर तक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से जारी रहेगी। अब तक आधी आपत्तियों पर भी सुनवाई पूरी नहीं हो सकी है।

Next Post

बिना बैरियर टोल वसूली से एनएचएआई का राजस्व 19.84 प्रतिशत बढ़ा

Mon Nov 23 , 2026
नयी दिल्ली, 23 नवंबर (वार्ता) राष्ट्रीय राजमार्गों पर बिना बैरियर टोल वसूली की मल्टी लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) प्रणाली से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के राजस्व में 19.84 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि सात टोल प्लाजा पर […]

You May Like