नयी दिल्ली, 23 नवंबर (वार्ता) बोतलबंद पेयजल बेचने वाली कंपनी बिस्लेरी इंटरनेशनल ने भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की प्रयोगशाला रिपोर्टों पर सवाल उठाते हुए सोमवार को दावा किया कि उसका पानी “पीने के लिए सुरक्षित” है। उल्लेखनीय है कि एफएसएसएआई ने खाद्य सुरक्षा मानकों के कथित उल्लंघन को लेकर कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दे दी है। नियामक द्वारा संकलित कंपनी के बोतलबंद पानी का नमूना तय मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है। जांच के बाद इसे “पीने के लिए असुरक्षित” घोषित किया गया था। पानी में ब्रोमेट का स्तर अधिक पाया गया और पॉली न्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (पीएएच) की मौजूदगी का पता चला।
बिस्लेरी ने एक बयान में बताया कि यह मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके एक संयंत्र में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है जो उसके 143 संयंत्रों में से एक है। बयान में कहा गया है, “हमें मीडिया में आई उन हालिया खबरों की जानकारी है, जिनमें कहा गया है कि भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने बिस्लेरी को कोई नोटिस जारी किया है। यह मामला लगभग 14 महीने पुराना है और सितंबर 2025 में बिस्लेरी की गोवा स्थित विनिर्माण इकाई में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है।”
कंपनी के अनुसार, 30 सितंबर 2025 को एफएसएसएआई ने गोवा स्थित इकाई से छह नमूने लिए थे, जिनमें से पांच सभी तय मानकों पर खरे उतरे। छठे सैंपल में ब्रोमेट का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाया गया, जबकि इसकी निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।
बिस्लेरी ने 22 नवंबर 2025 को अपील दायर की जिसके बाद नमूने को दोबारा जांच के लिए एक प्रयोगशाला में भेजा गया। कंपनी ने बताया कि इस प्रयोगशाला की जांच में ब्रोमेट का स्तर तो तय सीमा के भीतर पाया गया, लेकिन इसमें पीएएच की मौजूदगी का जिक्र किया गया। बयान में कहा गया है कि दोनों नतीजों के बीच के अंतर ने ऐसे सवाल खड़े किए, जिन पर कंपनी को लगा कि स्पष्टीकरण देना जरूरी है।
कंपनी ने बताया कि उसने 02 फरवरी 2026 को एक औपचारिक पत्र के साथ स्वतंत्र प्रयोगाशाला जांच के नतीजे एफएसएसएआई के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को सौंप दिए थे। इसके बाद नियामक की ओर से कोई और सूचना नहीं मिली, इसलिए उसने मान लिया कि मामला खत्म हो गया है। कंपनी ने दावा किया कि उसे नोटिस न तो ईमेल के जरिये मिला और न ही हार्ड कॉपी के रूप में। यह एफएसएसएआई की वेबसाइट पर भी उपलब्ध नहीं है। उसने कहा कि वह अपनी 10-चरण वाली निर्माण प्रक्रिया के दौरान 90 से अधिक परीक्षण करती है और नियामक के साथ सहयोग करना जारी रखेगी।

