सरई : जनपद पंचायत क्षेत्र देवसर के तहसील सरई के अंतर्गत ग्राम बरका क्षेत्र में सड़क निर्माण एवं मिट्टी खोदकर डालने से उत्पन्न समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक से सड़क को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने की मांग की है।ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के किनारे गड्ढे खोदकर मिट्टी डाल दिए जाने से आवागमन प्रभावित हो रहा है तथा लोगों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने विधायक से निवेदन किया है कि ग्राम बरका की सड़क को इस तरह तैयार कराया जाए, जिससे मुख्य मार्ग से संपर्क सड़क का बेहतर जुड़ाव हो और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने विधायक से गांव पहुंचकर सड़क की वास्तविक स्थिति देखने तथा समस्या के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही सड़क संबंधी परेशानी दूर होगी और आवागमन सुगम बनेगा।
