नई दिल्ली। भारत के दो दिवसीय राजकीय दौरे पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह का सोमवार को राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे। राष्ट्रपति भवन पहुंचने पर पीएम मोदी ने नेपाली प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
बालेन्द्र शाह रविवार को नई दिल्ली पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया था। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन्द्र शाह के बीच द्विपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है। इस बैठक में भारत और नेपाल के बीच व्यापार, निवेश, ऊर्जा, कनेक्टिविटी और आर्थिक सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा होगी।
दोनों प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच चलने वाली नई ट्रेन सेवा का उद्घाटन भी करेंगे। इसके अलावा, दोनों देशों के बीच कई समझौतों का आदान-प्रदान होगा और संयुक्त बयान जारी किया जाएगा।
इस यात्रा में नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल समेत वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। नेपाली प्रधानमंत्री के साथ 35 सदस्यीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। इसके अलावा व्यापार क्षेत्र से जुड़े 52 प्रतिनिधि भी इस दौरे में शामिल हैं।
बैठक में बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण में सहायता, व्यापार, परिवहन, ऊर्जा, निवेश और बुनियादी ढांचे जैसे अहम मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है। दोनों देश शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए भी समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान करेंगे।
इस दौरे के दौरान भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से चले आ रहे रिश्तों को और मजबूत करने के साथ भविष्य के सहयोग की नई दिशा तय करने पर जोर रहेगा। प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात प्रस्तावित है। इसके बाद वह शाम को नेपाल के लिए रवाना होंगे।
