ग्वालियर: ग्वालियर-झांसी नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। डबरा के कल्याणी के पास तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार चारों लोग उछलकर दूर सड़क पर जा गिरे। हादसे में पति-पत्नी और उनकी 8 साल की बेटी की मौत हो गई, जबकि 6 साल की छोटी बेटी गंभीर रूप से घायल है। उसका जयरोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।मृतकों की पहचान भितरवार के सासन गांव निवासी 36 वर्षीय कमल किशोर विश्वकर्मा, उनकी पत्नी 34 वर्षीय सीमा और 8 वर्षीय बेटी दीक्षा के रूप में हुई है। घायल 6 वर्षीय भूमि उर्फ बिट्टी की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उसे बचाने का हर संभव प्रयास कर रही है।
जानकारी के अनुसार कमल किशोर पत्नी सीमा का ग्वालियर में इलाज कराने आए थे। सीमा का लंबे समय से इलाज चल रहा था। दवा लेने के बाद परिवार बाइक से वापस गांव लौट रहा था। रात को गुड़ी-गुड़ा नाके पर रहने वाले साले के घर रुकने की भी योजना थी। कमल बाइक चला रहे थे, उनके पीछे पत्नी सीमा बैठी थीं। सीमा की गोद में 6 साल की भूमि थी, जबकि 8 साल की दीक्षा बीच वाली सीट पर बैठी थी।परिवार छीमक की ओर से धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान कल्याणी की तरफ से आए तेज रफ्तार ट्राले ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद ट्राला चालक भी वाहन को संभाल नहीं पाया और ट्राला अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में जा गिरा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। चारों घायलों को डबरा से ग्वालियर के जयरोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। कमल किशोर ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान 8 साल की दीक्षा को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कुछ देर बाद पत्नी सीमा की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।एक ही हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौत से भितरवार के सासन गांव में मातम पसर गया है। जिस घर से चार लोग हंसते-खेलते निकले थे, वहां अब सिर्फ मातम है। पुलिस ने अज्ञात ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।आंतरी थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह जोनवार ने बताया कि तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपति और उनकी एक बेटी की मौत हुई है, जबकि दूसरी बेटी घायल है। उसका इलाज चल रहा है।
