जबलपुर: पाटन थाना अंतर्गत शहपुरा रोड ग्राम ग्वारी के पास कल शनिवार शाम एक बेलगाम कार चालक ने मोटर सायकिल और एक राहगीर महिला को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई थी जबकि उसके दो बेटे घायल हो गए थे, जिसमें से एक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं पैदल जा रही एक महिला की भी टक्कर लगने से मौत हो गई थी जिसकी जानकारी पुलिस को आज सुबह लगी है।
पुलिस के मुताबिक शकीला बानो 45 वर्षीय निवासी पाटन की अपने बेटे रमजान और फैजान के साथ मोटर साइकिल क्रमांक एम पी 20 एमडी 9473 से शहपुरा की ओर जा रही थी। बाइक को रमजान चला रहा था। जबकि शकीला और उसका छोटा बेटा फैजान पीछे बैठा था। कल शाम करीब साढ़े चार बजे वह जैसे ही ग्राम ग्वारी के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रही सफेद कलर की कार क्रमांक एमपी 20 जेड एन 8904 के चालक ने वाहन को तेज गति एवं लापरवाही पूर्वक चलाते हुए बाइक में टक्कर मार दी थी।
टक्कर इतनी जोरदार रही कि मां बेटे उछलकर दूर जा गिरे। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई थी। हादसे में शकीला को गंभीर चोटें आ गई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि उसका बेटा फैजान 19 वर्षीय, रमजान 12 वर्षीय घायल है जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। आज सुबह इलाज के दौरान फैजान की मौत हो गई, पुलिया के नीचे एक महिला भी मृत अवस्था में मिली।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि कार चालक ने पैदल जा रही महिला फंगनी बाई पति सद्दू गोंड 60 वर्षीय निवासी कुंडम को भी टक्कर मारी थी जिसकी जानकारी पुलिस को नहीं थी। आज सुबह परिजन तलाश करते हुए पहुंचे तो महिला की लाश नाले में मिली। जिसके बाद जांच पड़ताल शुरू हुई तो पता चला कि कार चालक ने इस महिला को भी टक्कर मारी थी जिसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतकों की संख्या तीन हो गई।
