
मुंबई। 1971 के ऐतिहासिक युद्ध की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म बॉर्डर 2 एक बार फिर देशभक्ति का जज्बा बड़े पर्दे पर लेकर आई है। निर्देशक अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सनी देओल की दमदार वापसी को नई पीढ़ी के सितारों वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी का मजबूत साथ मिला है। फिल्म सैनिकों के साहस, आपसी भाईचारे और युद्ध की कठिन परिस्थितियों को नए सिनेमाई अंदाज़ में पेश करती है।
फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण सनी देओल की वही परिचित लेकिन और ज्यादा परिपक्व होती देशभक्ति छवि है, जो दर्शकों को भावुक कर देती है। वहीं वरुण धवन ने अपने किरदार में संवेदनशीलता और गहराई जोड़कर कहानी को भावनात्मक मजबूती दी है। दिलजीत दोसांझ का हल्का-फुल्का हास्य युद्ध की गंभीरता के बीच राहत देता है।
संदेशे आते हैं जैसे लोकप्रिय गीत को नए अंदाज़ में पेश किया गया है, जो पुरानी यादों को ताजा करने के साथ नई पीढ़ी से भी जुड़ता है। शुरुआती प्रतिक्रियाओं में जहां फिल्म के पहले हिस्से को थोड़ा लंबा बताया गया है, वहीं युद्ध दृश्य और वीएफएक्स को लेकर मिली-जुली राय सामने आई है।
बॉक्स ऑफिस पर बॉर्डर 2 ने शानदार शुरुआत की है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक फिल्म ने भारत में पहले दिन 28 से 36 करोड़ रुपये नेट की कमाई की है। गणतंत्र दिवस से पहले रिलीज और जबरदस्त वर्ड ऑफ माउथ के चलते मिडनाइट शोज तक हाउसफुल रहे, जिससे इसे एक मजबूत ब्लॉकबस्टर ओपनिंग मिलती नजर आ रही है।
