जबलपुर। सिहोरा थाना अंतर्गत सगौड़ी में पानी की टंकी से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिरे युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और छानबीन शुरू कर दी।पुलिस के मुताबिक सुखचैन 45 वर्ष निवासी ग्राम बोड़ी सगौड़ी ने सूचना दी कि रविवार सुबह लगभग 7 बजे उसके भतीजे सुशील कुमार चौधरी ने उसे घर आकर बताया कि विनोद कुमार चौधरी पानी की टंकी से गिर गया और उसे गंभीर चोटें आ गई उसने विनोद चौधरी के घर में सूचना दी एवं जाकर देखा तो विनोद चौधारी 35 वर्ष मृत अवस्था में पड़ा मिला।
विनोद चौधरी शराब पीने का आदी था। मृतक कैसे और किन परिस्थितियों में गिरा इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवाते हुये मर्ग कायम कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा । जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
