सरकारी स्कूलों को बेहतर सुविधाएं देने की मन में थी तड़प

रेहटी। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को 38.15 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय के भवन का लोकार्पण किया.

आयोजित समारोह में उन्होंने कहा कि उनके मन में हमेशा यह तड़प रही कि सरकारी स्कूलों में भी निजी स्कूलों से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों. सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले बच्चों को भी ऐसा वातावरण मिले, जहां वे आधुनिक संसाधनों के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकें. सांदीपनि विद्यालय में इसी सोच के अनुरूप सुविधाएं विकसित करने का प्रयास किया गया है.

उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल भवन बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आवश्यक संसाधन और अपनी प्रतिभा को निखारने के अवसर उपलब्ध कराना भी जरूरी है. लगभग 5.73 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित सांदीपनि विद्यालय परिसर की क्षमता 1635 विद्यार्थियों की है. यहां कक्षा1 से कक्षा 12वीं तक अध्ययन के लिए कुल 50 क्लासरूम की व्यवस्था है. विद्यालय में प्राथमिक, माध्यमिक और हाई स्कूल के अलग-अलग ब्लॉक बनाए गए हैं.

लोकार्पण समारोह में सांदीपनि विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. विद्यार्थियों ने रामायण पर आधारित नाट्य एवं नृत्य प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने सराहा। कार्यक्रम में साईं बालिका मंडल फुगारिया, बैतूल की कलाकारों ने भी आकर्षक नाट्य-नृत्य प्रस्तुति दी. सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, धार्मिक प्रसंगों और कला का सुंदर प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम को बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव ने भी संबोधित किया. उन्होंने कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक सुविधाओं से क्षेत्र के विद्यार्थियों को आगे बढऩे के अवसर मिलेंगे. निगम अध्यक्ष रवि मालवीय, निर्मला बारेला, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, नगर परिषद अध्यक्ष राजेंद्र पटेल, प्रेमनारायण मीणा, अनार सिंह केशव चौहान, मंडल अध्यक्ष बनवीर सिंह चंद्रवंशी मौजूद थे.

सांदीपनि विद्यालय भवन के लोकार्पण कार्यक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्व सहायता समूहों की महिलाओं से मुलाकात की.

कार्यक्रम से पहले चौहान ने बोरी में नवनिर्मित आयुष चिकित्सालय का अवलोकन किया. उन्होंने चिकित्सालय में उपलब्ध कराई गई सुविधाओं और भवन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली. केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नगर परिषद के सभागार में कलेक्टर एवं अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में अधिकारियों की मौजूदगी में क्षेत्र से जुड़े विकास कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों की समीक्षा की गई.

 

 

Next Post

जमीन विवाद में घायल की मौत, 3 आरोपी गिरफ्तार

Mon Nov 23 , 2026
भैरूंदा। जमीन विवाद को लेकर हुए संघर्ष में घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत होने के बाद पुलिस ने हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल हथियार जब्त किए हैं. पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से […]

You May Like