भोपाल में अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर का लोकार्पण, सुखविंदर सिंह की परफॉर्मेंस और हॉकी मुकाबलों ने बढ़ाई रौनक

भोपाल। नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर का 22 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकार्पण किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया भी मौजूद रहे। समारोह में बॉलीवुड गायक सुखविंदर सिंह ने लाइव परफॉर्मेंस दी। उन्होंने ‘चक दे इंडिया’ और ‘जय हो’ जैसे लोकप्रिय गानों से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया था।

नाथू बरखेड़ा का यह खेल परिसर इन दिनों महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के अंतरराष्ट्रीय हॉकी मुकाबलों का भी केंद्र बना हुआ है। मध्यप्रदेश में पहली बार आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें हिस्सा ले रही हैं। 19 से 28 नवंबर तक चलने वाले टूर्नामेंट में एशिया की छह टीमें खिताब के लिए मुकाबला कर रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी लोकार्पण समारोह के दौरान खेलों और प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर अपनी बात रखी।

आयोजन में दर्शकों के लिए ‘खेल गांव’ भी बनाया गया, जहां पिट्टू, कबड्डी, कुश्ती और तीरंदाजी जैसे पारंपरिक खेलों के साथ मध्यप्रदेश की लोक संस्कृति, हस्तशिल्प और देशी व्यंजनों की झलक देखने को मिली। इस आयोजन का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय खेलों के जरिए भोपाल और मध्यप्रदेश को नई पहचान दिलाने के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को भी मंच देना है।

You May Like