
सारंगपुर। ब्लॉक के जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत इटावा की सरपंच शांता बाई के पति और सरपंच प्रतिनिधि संतोष परमार (48) की कुएं में गिरने से मौत हो गई. शनिवार रात परिजन उन्हें सिविल अस्पताल सारंगपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है. परिजनों के मुताबिक, संतोष परमार पिता रामचंद्र परमार शनिवार शाम करीब 5.30 बजे खेत पर गए थे. देर तक घर नहीं लौटे तो परिजन उन्हें तलाशने खेत पहुंचे. तलाश के दौरान संतोष कुएं में घायल अवस्था में मिले. उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें थी. कुएं में पानी भी कम था.
रात 9.30 बजे अस्पताल लेकर पहुंचे परिजन
परिजन संतोष को कुएं से निकालकर रात करीब 9.30 बजे सिविल अस्पताल सारंगपुर ले गए. वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर गर्गी मालवीय ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है.
