मत्स्य क्षेत्र में झारखंड की ऊंची उड़ान, आईआईटीएफ में मोती की खेती बनी आकर्षण का केंद्र

नई दिल्ली/रांची, 22 नवंबर (वार्ता) भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ)-2026 में झारखंड पवेलियन राज्य की बढ़ती मत्स्य क्षमता, आधुनिक तकनीकों और ग्रामीण आजीविका के नए अवसरों को लेकर आगंतुकों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।

खासतौर पर झारखंड में विकसित हो रही मोती की खेती और इसकी आधुनिक तकनीकें मेले में लोगों के बीच उत्सुकता का केंद्र बनी हुई

राज्य में मत्स्य उत्पादन की संभावनाओं को विस्तार देने के उद्देश्य से झारखंड सरकार पारंपरिक तरीकों के साथ आधुनिक तकनीकों को भी प्रोत्साहित कर रही है। इसके तहत बायोफ्लॉक, केज कल्चर, मोती पालन और झींगा-मांगुर पालन को बढ़ावा दिया जा रहा है।पवेलियन में मत्स्य विशेषज्ञ बुधन सिंह पूर्ति ने मोती की खेती की संभावनाओं और आधुनिक तकनीकों की जानकारी साझा की।

उन्होंने बताया कि झारखंड के लगभग सभी जिलों में मोती पालन का विस्तार हो रहा है। हजारीबाग को भारत सरकार द्वारा मोती पालन के विशेष क्लस्टर के रूप में विकसित किया गया है, जहां बड़े पैमाने पर यह कार्य हो रहा है। आने वाले समय में यहां अत्याधुनिक ब्रीड बैंक स्थापित करने की भी योजना है।

उन्होंने बताया कि पारंपरिक तकनीक से आगे बढ़ते हुए अब मेंटल ग्राफ्ट टिश्यू तकनीक अपनाई जा रही है, जिसके तहत एक सीप में एक साथ सात से आठ मोती विकसित किए जा सकते हैं। इस तकनीक में बाहरी न्यूक्लियस का उपयोग नहीं होता और इससे प्राप्त मोतियों में 97 से 98 प्रतिशत तक शुद्ध कैल्शियम कार्बोनेट होता है।

इसके अलावा, मछली बिक्री किट, तीन एवं चार पहिया वाहनों के वितरण के माध्यम से महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। जलाशयों के विकास, खदानों में मत्स्य पालन और बीमा सुरक्षा योजनाओं से भी मछुआरों को लाभ मिल रहा है।

वहीं, झारखंड पवेलियन में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का स्टॉल भी आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां महुआ, साल पत्ता, इमली, लाख, शहद, बांस और केंदू पत्ता जैसे वन उत्पादों के माध्यम से झारखंड की समृद्ध वन संपदा और उससे जुड़ी ग्रामीण आजीविका को प्रदर्शित किया गया है। स्टॉल पर लाख से बनी आकर्षक चूड़ियां और कंगन तथा महुआ के लड्डू आगंतुकों को खूब लुभा रहे हैं। इन उत्पादों के प्रति लोगों की रुचि झारखंड के पारंपरिक वन उत्पादों, स्थानीय हस्तकला और प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े आजीविका के अवसरों को नई पहचान दे रही है।

मत्स्य पालन में नवाचार, मोती की खेती और वन संपदा से जुड़ी ये प्रस्तुतियां आईआईटीएफ-2026 में झारखंड की ग्रामीण अर्थव्यवस्था, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की संभावनाओं को प्रभावशाली ढंग से सामने ला रही हैं।

 

 

 

Next Post

कथावाचक नफरत पैदा करने वाले लोग हैं: सपा प्रदेश अध्यक्ष पाल

Sun Nov 22 , 2026
कानपुर। सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती पर रविवार को मैस्कर घाट पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल आए थे। प्रतापगढ़ में आयोजित कथा के बारे में उनसे सवाल पूछने पर उन्होंने कहा, कथा समाज में प्रेम और भाईचारा फैलाने का माध्यम […]

You May Like