जयपुर, 22 नवंबर (वार्ता) केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने डबल इंजन सरकार होने के बावजूद पंचायत चुनाव में अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए आत्मावलोकन का अवसर बताते हुए कहा है कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ जनता तक पहुंचाने में कहां कमी रह गई । पार्टी इसकी समीक्षा करेगी और जरुरी सुधार भी करेगी।
श्री शेखावत ने रविवार को पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत में कहा कि यह समीक्षा जमीनी स्तर, जिला स्तर और निर्वाचन क्षेत्र के स्तर पर होगी और बाद में जयपुर में भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है, जो जीत और हार दोनों परिस्थितियों में पूरे सम्मान और ऊर्जा के साथ परिणामों की समीक्षा करती है। भाजपा के कार्यकर्ता और नेता चुनावी परिणामों से निराश होने वाले नहीं हैं। यह वह पार्टी है, जिसने दो सीटों से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू कर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने तक का सफर तय किया है। इसलिए किसी एक चुनाव का परिणाम पार्टी के आत्मविश्वास और संकल्प को प्रभावित नहीं कर सकता।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के कामकाज और प्रदर्शन को जनता तक पहुंचाने में जहां भी कमी रह गई है। इस पहलू पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। पार्टी यह आकलन करेगी कि सरकार के काम और योजनाओं का संदेश जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में कहां चूक हुई। श्री शेखावत ने वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव को लेकर विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी फिर से सत्ता में वापसी करेगी।
श्री गहलोत के चौथी बार मुख्यमंत्री पद की दावेदारी से जुड़े सवाल पर केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि यह उनकी पार्टी का विषय है, लेकिन वर्ष 2028 में भाजपा राजस्थान में सरकार फिर से बना रही है।
