
बड़वानी, पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस महानिरीक्षक (ग्रामीण) जोन इंदौर श्री अनुराग एवं पुलिस उप महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन सिमाला प्रसाद द्वारा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में व एएसपी धीरज बब्बर तथा एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में वरला पुलिस ने अवैध गांजे की खेती के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की है।
पुलिस ने बताया 21 नवम्बर 2026 को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मेंदल्यापानी निवासी जगदीश पिता ऐशराम बारेला ने अपने खेत में मिर्ची की फसल के बीच-बीच में तथा प्लास्टिक की बाल्टियों में गांजे के पौधे लगा रखे हैं। सूचना की तस्दीक एवं प्रारंभिक कार्रवाई के बाद थाना प्रभारी वरला नारायण रावल के नेतृत्व में तत्काल पुलिस टीम मौके के लिए रवाना की गई।
मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर दबिश देने पर मिर्ची की फसल के बीच-बीच में तथा प्लास्टिक की बाल्टियों में गांजे के पौधे लगे पाए गए। पुलिस टीम ने विधिवत कार्रवाई एवं वीडियोग्राफी करते हुए खेत व बाल्टियों से 197 छोटे-बड़े हरे गांजे के पौधे उखाडक़र जप्त किए, जिनका वजन 8 किलोग्राम 620 ग्राम तथा अनुमानित कीमत 41300 रूपए है।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
मौके पर जप्ती के बाद आरोपी खेत/कब्जा मालिक जगदीश पिता ऐशराम बारेला के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। संबंधित खेत वन भूमि होने के संबंध में वन विभाग से आवश्यक जानकारी लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी वरला नारायण रावल, उनि महेन्द्रसिंह चौहान, सउनि शक्तिसिंह सिकरवार, आर राजवीर, आर अरविंद, आर चालक सतीश, आर विपेसिंह एवं आर राधेश्याम की सराहनीय भूमिका रही।
