पंजाब-चंडीगढ़ में बदला मौसम, कई जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

तरनतारन के पट्टी क्षेत्र में बुधवार देर रात के समय ओलावृष्टि भी हुई। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, आज पंजाब के कई हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और ओले पड़ने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने राज्य के 13 जिलों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में ओलावृष्टि की आशंका है। वहीं, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर और संगरूर में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

इनके अलावा तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा में भी कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। भारी बारिश से निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है। तेज हवाओं और ओलावृष्टि से पेड़ों, बिजली की तारों और फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी है।

मौसम में बदलाव का कारण उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ तथा उत्तरी हरियाणा के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण है। इसके प्रभाव से 14 और 15 अक्टूबर को पंजाब में व्यापक बारिश का पूर्वानुमान है। 16 अक्टूबर से मौसम संबंधी गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। मौसम विभाग ने किसानों को फसलों और मंडियों में रखी उपज की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है।

राज्य में बिजली की मांग 6,231 मेगावाट दर्ज की गई। पंजाब के अपने बिजलीघरों से 4,142 मेगावाट बिजली उपलब्ध हुई, जबकि केंद्रीय हिस्से और अन्य स्रोतों से 2,081 मेगावाट बिजली ली गई। बिजली की तय आपूर्ति 2,270 मेगावाट बताई गई, जबकि वास्तविक आपूर्ति इससे 189 मेगावाट कम रही। बिजली की आवृत्ति 50.05 हर्ट्ज दर्ज की गई।

 

Next Post

बिसनाखेड़ी में 72 वर्षीय वृद्धा की संदिग्ध मौत, गला काटकर हत्या की आशंका

Thu Oct 15 , 2026
दमोह:जिले के नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिसनाखेड़ी गांव में 72 वर्षीय वृद्ध महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गई।घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि भापुसे, एसडीओपी अर्चना अहीर, थाना प्रभारी अभिषेक पटेल और एफएसएल, फिंगरप्रिंट टीम ने देर रात मौके पर पहुंचकर […]

You May Like

Play sound