उज्जैन: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा ज़ब 12 दिसंबर 2024 को फ्रीगंज रेलवे और ब्रिज के समीप नए समानांतर ब्रिज का भूमि पूजन किया था उसके आधे घंटे बाद ही काम शुरू हो गया था, इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का निर्माण अब पुराने शहर से लेकर नए शहर की ग्रैंड होटल क्षेत्र तक पहुंच चुका है. सेतु निगम ने पूरे क्षेत्र में साइट क्लियरिंग का अभियान तेज कर दिया है. जेसीबी मशीनों से बाधाओं को हटाया जा रहा है ताकि निर्धारित समय सीमा में ब्रिज का निर्माण पूरा किया जा सके. शनिवार को गैंट्री बोर्ड भी हटा दिया.
करीब 91.76 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह आधुनिक ब्रिज चामुंडा माता चौराहे को सीधे फ्रीगंज से जोड़ेगा. सिंहस्थ 2028 में अनुमानित 50 करोड़ श्रद्धालुओं, साधु-संतों और पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए इस परियोजना को शहर की सबसे महत्वपूर्ण यातायात योजना माना जा रहा है.
ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति
ब्रिज बनने के बाद पुराने और नए उज्जैन के बीच आवागमन तेज, सुरक्षित और सुगम होगा, वहीं वर्षों से फ्रीगंज, देवासगेट, चामुंडा चौराहा और आसपास के क्षेत्रों में लगने वाले ट्रैफिक जाम से भी बड़ी राहत मिलेगी.
ब्रिज पर एक नजर
प्रस्तावित ब्रिज 633 मीटर लंबा और 21.40 मीटर चौड़ा होगा. इसमें दोनों ओर 9-9 मीटर चौड़े कैरिजवे बनाए जाएंगे, जिससे एक साथ दोनों दिशाओं में सुचारु यातायात संचालित हो सकेगा. पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए दोनों ओर 1.5-1.5 मीटर चौड़े फुटपाथ बनाए जाएंगे, जबकि दोनों मार्गों के बीच 0.40 मीटर चौड़ा डिवाइडर रहेगा. आधुनिक मानकों के अनुरूप तैयार होने वाला यह ब्रिज सिंहस्थ के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आवागमन को आसान बनाएगा.
पुराने ब्रिज का तकनीकी अध्ययन
वर्तमान में नया ब्रिज पुराने ब्रिज के समानांतर बनाया जा रहा है. फिलहाल पुराने ब्रिज को यथावत रखा गया है ताकि यातायात प्रभावित न हो. अधिकारियों के अनुसार नए ब्रिज के पूर्ण होने के बाद तकनीकी अध्ययन किया जाएगा, जिसके बाद ही यह निर्णय लिया जाएगा कि पुराने ब्रिज को रखा जाएगा या हटाया जाएगा. निर्माण कार्य के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र को तेजी से खाली कराया जा रहा है। शनिवार को जेसीबी मशीनों की मदद से गैंट्री बोर्ड और मार्ग संकेतक हटाए गए, जिन पर विभिन्न मार्गों की दिशा संबंधी जानकारी अंकित थी. इन संकेतकों को हटाकर निर्माण क्षेत्र को पूरी तरह व्यवस्थित किया जा रहा है.
नया रास्ता निकाला
ब्रिज के निर्माण के लिए ग्रांट होटल की बाउंड्री वॉल भी हटाई जाएगी. इसके अलावा निर्माण क्षेत्र में आने वाले पेड़-पौधों को हटाने का कार्य जारी है. बाबू जगजीवन राम की प्रतिमा के आसपास बनी रेलिंग और गार्डन को भी हटाया जा रहा है. यहां से एक वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जाएगा, जिससे निर्माण अवधि के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहन आसानी से आवागमन कर सकेंगे. यह अस्थायी मार्ग पेट्रोल पंप, हनुमान प्रसाद क्षेत्र और चामुंडा माता चौराहे की ओर जाने वाले वाहनों के लिए उपयोगी रहेगा.
ब्रिज की दो भुजाएं निकली
ब्रिज का विस्तार दोनों दिशाओं में किया जा रहा है. एक हिस्सा मक्सी रोड स्थित स्टडी स्कूल क्षेत्र की ओर निकलेगा, जबकि दूसरा हिस्सा ग्रैंड होटल के आगे तक पहुंचेगा. इससे शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच सीधी कनेक्टिविटी स्थापित होगी और यातायात का दबाव कई मार्गों में विभाजित हो जाएगा
