भारत-नीदरलैंड रणनीतिक साझेदारी में सेमीकंडक्टर, रक्षा और नवीकरणीय ऊर्जा पर चर्चा

नयी दिल्ली, 22 नवंबर (वार्ता) भारत और नीदरलैंड अपने रणनीतिक संबंधों को जल, कृषि और स्वास्थ्य जैसे पारंपरिक क्षेत्रों से आगे बढ़ाकर सेमीकंडक्टर, रक्षा, प्रौद्योगिकी और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे नए क्षेत्रों में विस्तार देने के उपायों पर चर्चा कर रहे हैं।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रविवार को नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन के साथ यहां द्विपक्षीय बैठक के दौरान प्रारंभिक वक्तव्य में यह बात कही।

श्री जयशंकर ने भारत आए बेरेंडसन और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच इस साल यह छठी बैठक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की पिछली यात्रा के बाद द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा और भविष्य की दिशा तय करना इस बैठक का अहम उद्देश्य है।

विदेश मंत्री ने कहा कि भारत और नीदरलैंड ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया है और इसके लिए तैयार रोडमैप दोनों देशों को आगे बढ़ने का रास्ता देता है। पहले दोनों देशों की साझेदारी मुख्य रूप से जल क्षेत्र पर केंद्रित थी, लेकिन अब इसका दायरा कई अन्य क्षेत्रों तक बढ़ गया है।

विदेश मंत्री ने कहा कि अगले साल दोनों देशों के राजनयिक संबंधों की स्थापना के 80 साल पूरे होंगे। इस अवसर को उचित तरीके से मनाने के तरीकों पर भी बैठक में चर्चा होगी।

उन्होंने भारतीय प्रवासियों की देखभाल के लिए नीदरलैंड का आभार जताया। श्री जयशंकर ने कहा कि भारतीय प्रवासी और हिंदुस्तानी सूरीनामी समुदाय दोनों देशों के बीच एक जीवंत पुल का काम करते हैं।

भारत और यूरोपीय संघ के संबंधों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में दोनों के बीच काफी प्रगति हुई है। इसमें मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए), सुरक्षा और रक्षा साझेदारी तथा अन्य समझ शामिल हैं। भारत एफटीए को लागू करने की प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहा है।

श्री जयशंकर ने कहा कि बैठक में यूक्रेन संघर्ष, काला सागर की स्थिति और खाड़ी क्षेत्र के संघर्ष के प्रभावों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा हिंद-प्रशांत क्षेत्र की स्थिति, आतंकवाद और जलवायु परिवर्तन जैसी साझा चुनौतियों पर भी चर्चा होगी।

उन्होंने कहा कि भारत और नीदरलैंड के बीच रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा के लिए पहली बार आयोजित संवाद तंत्र की सह-अध्यक्षता करना उनके लिए खुशी की बात है।

 

 

Next Post

बारिश में तैरने लगी हैं धान की फसलें

Sun Nov 22 , 2026
सिंगरौली । जिले में हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंताएं बढ़ा दी है। पिछले तीन दिनों से सूर्य देवता के दर्शन नही हुये हैं, वहीं ऊर्जाधानी में रिमझिम बारिश का दौर आज रविवार को भी जारी रहने से धान की फसलें खेतो में तैरने लगी हैं। दरअसल जिले में […]

You May Like