
भोपाल। शहर के युवा और प्रतिभाशाली गायक राहिल संजीव ने संगीत प्रेमियों को एक नया और बेहद खास तोहफा दिया है। उनका बहुप्रतीक्षित ओरिजिनल गीत ‘तू जो मिले’ आज ज़ोरदार अंदाज़ में रिलीज़ हो गया है। अपनी दिल छू लेने वाली धुन और गहरे एहसासों से सजा यह गाना दुनिया भर के 250 से ज़्यादा ऑडियो प्लेटफॉर्म—जैसे कि स्पॉटिफाई (Spotify), अमेज़न प्राइम म्यूजिक (Amazon Prime Music), जियोसावन (JioSaavn), यूट्यूब म्यूजिक (YouTube Music) और एप्पल म्यूजिक (Apple Music) आदि—पर रिलीज़ हो गया है और श्रोताओं की प्लेलिस्ट में अपनी खास जगह बना रहा है।
राहिल का साल 2025 में देश के चर्चित म्यूजिक लेबल ‘बंटाई रिकॉर्ड्स’ के साथ 5 साल का एक्सक्लूसिव एग्रीमेंट हुआ है। इस एग्रीमेंट के तहत इससे पहले उनके दो ओरिजिनल गाने ‘रहनुमा’ और ‘खलिश’ भी आ चुके हैं, लेकिन ‘तू जो मिले’ में राहिल की आवाज़ का एक बिल्कुल नया और ताज़ा अंदाज़ सुनने को मिल रहा है।
वर्ष 2005 में जन्मे राहिल संजीव ने अपनी स्कूली शिक्षा भोपाल के संस्कार वैली स्कूल से पूरी की है। वर्तमान में वे नर्सी मूंजी मुंबई के बीबीए फाइनल ईयर के छात्र हैं. राहिल ने राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय से परफॉर्मिंग आर्ट्स में डिप्लोमा भी किया है। उनकी इस आधुनिक गायकी के पीछे शास्त्रीय संगीत की मजबूत पकड़ है, जिसके दम पर उन्होंने कम उम्र में ही आकाशवाणी का प्रतिष्ठित ‘बी-हाई’ ग्रेड हासिल किया है और अब वे ‘ए’ ग्रेड की तैयारी कर रहे हैं। यही नहीं, सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायक उस्ताद सलीम अल्लाहवाले के मार्गदर्शन ने भी उनकी कला और गायकी को एक खास मुकाम दिया है।
आज इंस्टाग्राम पर हजारों फॉलोअर्स के साथ राहिल युवाओं के बीच तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं। ‘तू जो मिले’ की रिलीज़ के साथ उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भोपाल का यह युवा कलाकार आने वाले समय में भारतीय इंडी म्यूजिक सीन में बड़े धमाके करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
