
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘राधे-राधे’ कहने से भी सपा को परेशानी होती है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर राधे-राधे कहने पर आपत्ति क्यों है? हम सनातन धर्म को मानने वाले हैं और ब्रज की पावन भूमि पर राधे-राधे कहना हमारी आस्था, परंपरा और संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। इस संबोधन पर सवाल उठाना समझ से परे है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी रविवार को लखनऊ की उत्तर विधानसभा क्षेत्र के फैजुल्लागंज में आयोजित ‘मतदाता जोड़ो अभियान’ के तहत मतदाताओं से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। पार्टी का संकल्प है कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटने न पाए। इसके लिए भाजपा कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में घर-घर जाकर अभियान चला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान सबसे बड़ी ताकत है। प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह अपने मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचे। यदि नाम छूट गया है या किसी प्रकार की त्रुटि है तो निर्धारित समय में उसे ठीक कराएं, ताकि चुनाव के समय कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
तीन दिवसीय अभियान में जुटे भाजपा कार्यकर्ता
पंकज चौधरी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर पहुंचकर लोगों को जागरूक करें और मतदाता सूची में नाम जुड़वाने में उनकी मदद करें। भाजपा की ओर से 22, 23 और 24 नवंबर को तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसमें विधायक, प्रदेश, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारियों के साथ न्याय पंचायत प्रमुख, शक्ति केंद्र प्रमुख और बूथ प्रमुख सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
फॉर्म-6 से जुड़वाएं नाम, फॉर्म-7 से दर्ज कराएं आपत्ति
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग की ओर से 17 नवंबर से 17 दिसंबर तक एक माह का विशेष अभियान (SSR) चलाया जा रहा है। इस दौरान मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 तथा किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते उनकी भी जिम्मेदारी है कि पार्टी के किसी कार्यकर्ता या समर्थक का नाम मतदाता सूची से छूटने न पाए। उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से भी इस अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व चुनाव में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करना सामूहिक जिम्मेदारी है। कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ समाज के सभी वर्गों को आगे आना चाहिए।
