रूस के ड्रोन हमले के बाद कीव क्षेत्र में 14 लोग लापता

कीव, 22 नवंबर (वार्ता) यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रविवार को कहा कि रूस के ड्रोन हमले में कीव क्षेत्र में पांच मंजिला अपार्टमेंट का एक हिस्सा ढह जाने के बाद 14 लोग लापता हैं। यूक्रेन की राजधानी के उत्तर में स्थित डाइमर में हमले के घटनास्थल पर खोज और बचाव अभियान जारी है।
श्री जेलेंस्की ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “नौ लोगों को अब तक सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और आग पर काबू पा लिया गया है। लेकिन दुर्भाग्य से, मलबे के नीचे अब भी लोगों के फंसे होने की आशंका है। 14 लोगों का अब तक पता नहीं चल पाया है।” घटनास्थल की तस्वीरों में आपातकालीन बचाव दल के सदस्य मलबे में जीवित बचे लोगों की तलाश करते दिखाई दे रहे हैं।
कीव क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमुर तकाचेंको ने बताया कि मलबे से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है और कम से कम तीन लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमले के बाद राहत एवं बचाव कार्यों के समन्वय के लिए एक नियंत्रण केंद्र स्थापित किया गया है। घटनास्थल पर सामाजिक सेवा कर्मी और मनोवैज्ञानिक भी तैनात हैं।

यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब रूसी सेना ने गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह तक यूक्रेन पर 400 से अधिक हमलावर ड्रोन और 110 से अधिक मिसाइलें दागी थीं। श्री जेलेंस्की ने इसे युद्ध के अब तक के सबसे बड़े हमलों में से एक बताया था। उन हमलों में कीव में कम से कम सात लोग मारे गए थे, जबकि नीपर नदी पर बने कई महत्वपूर्ण पुल भी क्षतिग्रस्त हुए थे। श्री जेलेंस्की ने रविवार को कहा कि इस सप्ताह रूसी सेना ने यूक्रेन के 20 क्षेत्रों पर करीब 2,700 ड्रोन, लगभग 1,460 हवाई बम और 165 मिसाइलें दागीं। उन्होंने कहा, “इनमें बड़ी संख्या में बैलिस्टिक मिसाइलें थीं, जिनमें उत्तर कोरिया की मिसाइलें भी शामिल हैं। रूसी लगातार प्योंगयांग को इन मिसाइलों की सटीकता बढ़ाने के लिए उनका आधुनिकीकरण करने में मदद कर रहे हैं।” उन्होंने सहयोगी देशों से इंटरसेप्टर मिसाइलों की आपूर्ति में तेजी लाने की अपील भी दोहराई।

श्री जेलेंस्की ने कहा, “यूक्रेन को बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने वाले इंटरसेप्टर की आपूर्ति में हो रही देरी को समझना विशेष रूप से मुश्किल है।” उन्होंने वाशिंगटन से नाटो की पीयूआरएल पहल के तहत पहले ही भुगतान किए जा चुके इंटरसेप्टर मिसाइलों के हस्तांतरण को मंजूरी देने का आग्रह किया।
इस बीच, खबरों के अनुसार, यूक्रेनी सेना ने भी रात में जवाबी हमले किए और क्रास्नोदार में रूसी नेशनल गार्ड के एक ठिकाने को निशाना बनाया। इस क्षेत्र में हुए हमलों में पांच लोगों के घायल होने की खबर है। इनमें अफिप्स्की बस्ती के चार लोग शामिल हैं। इस बस्ती में एक तेल रिफाइनरी है, जिसे यूक्रेन पहले भी निशाना बना चुका है।

.....

Next Post

बेमौसम बारिश की मार झेल रहें किसान, फसल बचाने के साथ ही आर्थिक नुकसान की चिंता

Sun Nov 22 , 2026
अनूपपुर, मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में मौसम की बेरुखी ने एक बार फिर किसानों की चिंता बढ़ा दी है। सालभर की मेहनत और उम्मीदों के साथ तैयार की गई धान की फसल अब बेमौसम बारिश की मार झेल रही है। पहले अर्नब तूफान के प्रभाव से हुई बारिश और तेज […]

You May Like