नयी दिल्ली, 22 नवंबर 2026 (वार्ता) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को यहां स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में गरीबी उन्मूलन विषय पर एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली इस कार्यशाला का विषय “भारत में गरीबी कम करने में कृषि एवं ग्रामीण विकास की भूमिका और योगदान” रखा गया है। इस आयोजन में दोनों मंत्रालयों के राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर, भागीरथ चौधरी, डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी और कमलेश पासवान तथा चारों सचिवों सहित दोनों मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी शामिल होंगे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, विश्व बैंक की अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्ष 2011 से 2023 के बीच भारत में करीब 49.60 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं और गरीबी की दर 57.70 प्रतिशत से घटकर 16.10 प्रतिशत पर आ गई है। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य गरीबी उन्मूलन के क्षेत्र में अब तक हासिल की गई उपलब्धियों में योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करना तथा आगे के लक्ष्यों पर मंथन करना है।
कार्यशाला के दौरान इस बात पर विचार-विमर्श किया जाएगा कि वर्तमान में गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहे शेष परिवारों को कृषि और ग्रामीण विकास की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किस प्रकार तेजी से गरीबी से बाहर निकाला जाए। बैठक में योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन को अधिक प्रभावी बनाने, किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण आजीविका को सशक्त करने और समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति का जीवन स्तर ऊंचा उठाने के लिए एक ठोस रोडमैप तैयार किया जाएगा।

